- बुलियन ट्रेडर्स का प्रतिनिधिमंडल अपराधिक वारदातों को लेकर एसपी सिटी से मिला
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल के नेतृत्व में सराफा व्यापार से संबंधित समस्याओं एवं सराफा व्यापारियों के साथ घटित अपराधिक घटनाओं के खुलासे को लेकर एसपी सिटी से मिला। पहली बार सराफा व्यापारियों के लिए पुलिस विभाग से स्पेशल सेल के गठन की मांग की गई है। जिस पर पुलिस अधीक्षक नगर ने स्वीकृति प्रदान की गई।
महामंत्री विजय आनन्द अग्रवाल ने ज्वेलर्स के साथ हुई घटनाओं के शीघ्र निस्तारण के लिए स्पेशल सेल के गठन की मांग की, जिसे पुलिस अधीक्षक ने स्वीकार करते हुए इस पर शीघ्र कार्यवाही का आश्वासन दिया। थाना नौचंदी के अंतर्गत राज ज्वेलर्स शास्त्री नगर के यहां से सोने की अंगुठियों का भरा हुआ डिब्बा लूटकर भागने की घटना, प्रिया ज्वेलर्स, गढ़ रोड पर नाले के रास्ते सुरंग खोदकर चोरी की घटना, थाना सदर के अंतर्गत मैसर्स राज ज्वेलर्स सदर बाजार के यहां से 276 ग्राम सोना चोरी की घटना,
सदर के एक गैंग द्वारा चांदी के नकली डले बाजार में चलाने की शिकायत, थाना दिल्ली गेट के अंतर्गत लोकेश प्रजापति नामक कारीगर द्वारा सरार्फा व्यापारियों के सोने को लेकर भाग जाने की घटना, आदि एवं अन्य पिछली लंबित पड़े केसों की पुन: विवेचना कराकर उनके खुलासे एवं माल की बरामदगी की मांग सरार्फा व्यापारियों की ओर से की गई। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने भी सराफा व्यापारियों से अपने कर्मचारियों एवं कारीगरों के ऐड्रेस वैरीफिकेशन, दुकानों के अंदर कैमरों के साथ-साथ रोड व्यू कैमरे लगाने का आग्रह,
किसी भी अनजान व्यक्ति से सोना चांदी आदि ना खरीदने की बात रखी। उन्होंने कहा किसी अनजान व्यक्ति से लेन-देन का व्यवहार करते समय उसका पहचान पत्र अवश्य जमा कराएं। प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजकुमार भारद्वाज, अशोक रस्तोगी, मंत्री राकेश जैन, संदीप अग्रवाल, दीपक रस्तोगी, संजीव अग्रवाल, सौरभ गर्ग, अमित अग्रवाल आदि सराफा व्यापारी उपस्थित रहे।
बंद मकान में सेंध लगाकर लाखों की चोरी
मोदीपुरम: रुड़की रोड की ए टू जेड कॉलोनी में बदमाशों ने एक बंद मकान को अपना निशाना बनाया। मकान की ग्रिल तोड़ अंदर घुसे बदमाशों ने लाखों रुपए की नगदी और सोने चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। मंगलवार सुबह पीड़ित के घर वापस लौटने पर घटना की जानकारी लगी। पीड़ित ने थाने पर घटना की तहरीर दिया।

रुड़की रोड स्थित ए टू जेड कॉलोनी के ग्रीन पैराडाइज हाइट में 98 मकान में विशाल शर्मा अपने परिवार के साथ रहते हैं। बताया गया है कि शनिवार को वह अपने मकान पर ताला लगाकर इसे जारी में परिवार के साथ गए थे। इस दौरान मकान के जंगले की ग्रिल काटकर अंदर घुसे बदमाशों ने कमरे में रखी अलमारी के ताले तोड़ लगभग डेढ़ लाख रुपये की नकदी, दो सोने के कड़े, दो सोने की अंगूठी सहित अन्य चांदी के जेवर और कीमती सामान पार कर दिये।
मंगलवार सुबह अपने परिवार के साथ वापस घर लौटने पर पीड़ित को घटना की जानकारी लगी। पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी लेते हुए छानबीन की। थाने पर पीड़ित ने घटना की तहरीर दी है।

