- ऊन में साप्ताहिक बंदी को लेकर व्यापारी आमने-सामने
जनवाणी संवाददाता |
ऊन: बाजार की साप्ताहिक बंदी कराने आए श्रम प्रवर्तन अधिकारी के सामने व्यापारी गुट आपस में भिड़ गए। बाद में श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने सोमवार की ही साप्ताहिक बंदी करने के निर्देश दिए। साथ ही, साप्ताहिक बंदी में दुकान खुली होने पर जुर्माना करने की चेतावनी दी।
कस्बा ऊन में श्रम विभाग द्वारा सोमवार को साप्ताहिक बंद करने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन व्यापारियों का एक ग्रुप रविवार को साप्ताहिक बंदी कराना चाहता है। इसका दूसरे गुट ने विरोध किया था जिस पर व्यापारियों के दोनों गुट उप जिलाधिकारी व जिलाधिकारी से भी मिले लेकिन कोई समाधान नहीं हो पाया।
सोमवार को श्रम प्रवर्तन अधिकारी संतोष कुमार अग्रहरि व श्रम निरीक्षक मधु प्रभा बाजार बंद कराने पहुंचे। जब इसकी सूचना व्यापारियों को लगी तो दोनों गुट मौके पर पहुंच गए तथा आपस में आरोप-प्रत्यारोप लगाते हुए भिड़ गए।
जिसके बाद श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने 25 दिसम्बर तक सोमवार को ही साप्ताहिक बंद करने के निर्देश दिए। साथ ही, व्यापारियों से आपस में बैठक कर सहमति करने को कहा जिसके बाद दोनों गुट शांत हो गए।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी संतोष कुमार अग्रहरि ने बताया कि ऊन में बाजार सोमवार को बंद रहेंगे। व्यापारी गुटों में समझौता होने के बाद ही आगे कोई अन्य दिन निर्धारित किया जाएगा। साथ ही, साप्ताहिक बंदी न करने वालों पर जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।

