- माह की नौ तारीख को होता है हाई रिस्क प्रेग्नेंसी-डे
जनवाणी संवाददाता |
खेकड़ा: बुधवार को नगर के रेलवे रोड स्थित पीएचसी पर हाई रिस्क प्रेग्नेंसी डे पर आयोजित कैम्प में गर्भवती महिलाओं की जांच की गई। अधीक्षक डा. ताहिर ने चिन्हित गर्भवती महिलाओं को समय पर उपचार देने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य विभाग प्रत्येक माह की 9 तारीख को हाई रिस्क प्रेग्नेंसी कैम्प का आयोजन करता है। पीएचसी पर आयोजित कैम्प में गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की गई।
पीएचसी प्रभारी एवं महिला चिकित्सक डा. प्रियंका कंसाना को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। 52 मरीजों में 8 हाई रिस्क प्रेग्नेंसी के केस मिले।
डा. प्रियंका कंसाना ने बताया कि तेजी से घटते हीमोग्लोबिन और सेहत की अनदेखी के कारण महिलाएं हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की चपेट में आ रही हैं।
हाई रिस्क प्रेग्नेंसी में हीमोग्लोबिन का स्तर 5 से कम रह जाता है, जबकि महिलाओं में 10 से 12 का स्तर होना चाहिए। हीमोग्लोबिन की स्तर बढ़ाने के लिए 90 दिन के लिए 180 आयरन की टेबलेट्स दी जाती हैं।
इसके साथ ही महिलाओं को उचित खान पान की जानकारी भी दी गई। कैम्प के दौरान डा. सुनीता सोनल, डा. साजिया, लक्ष्मी देवी समेत एएनएम और आशा कार्यकत्री भी मौजूद रही।

