- सूचना पर पहुंची पुलिस ने गिरफ्तारी का आश्वाशन देकर नोटिस को जबरन हटाया
जनवाणी संवाददाता |
तितावी: थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी गैर समुदाय की किशोरी के साथ हथियार बंद युवकों ने दीवार फांद घर में घुसकर अपहरण कर कार में दुष्कर्म का प्रयास किया था। जिसके बाद आरोपी किशोरी को गाड़ी में डालकर अपहरण कर ले जा रहे थे। अचानक शोर सुनकर ग्रामीणों ने आरोपियों को घेर लिया।
जिसके बाद आरोपी अपनी गाड़ी सहित किशोरी को छोड़कर मौके से फरार हो गए थे। शिकायत करने के बाद भी पुलिस द्वारा कार्यवाही न किये जाने से पीड़ित परिवार ने घर पर मकान बिकाऊ का नोटिस लगाकर पलायन की चेतावनी दी। जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों की जल्द ही गिरफ्तारी का आश्वाशन देकर नोटिस फाड़ दिया।
पीड़िता की मां ने थाने में बताया था कि गत सोलह सितंबर की रात वह अपने परिवार के साथ में घर में सोई हुई थी। रात करीब ग्यारह बजे एक गांव निवासी के घर तीन हथियार बंद अज्ञात बदमाश साथियों के साथ दीवार फांदकर घर में घुस गये और नाबालिग पुत्री को दुष्कर्म की नीयत से दबोच लिया।
शोर सुनकर पीड़ित मां की आंख खुल गयी थी। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने पीड़िता की मां के साथ भी मारपीट कर किशोरी को अपनी गाड़ी में डालकर ले जाने लगे। शोर शराबा सुनकर ग्रामीणों ने पीछा कर गाड़ी का घेराव कर लिया। जिसके बाद आरोपी किशोरी सहित अपनी गाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
पीड़ितों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गाड़ी व गाड़ी में रखा मोबाइल, एटीएम कार्ड को कब्जे में ले लिया था। पीड़ित परिवार का आरोप है कि एक सप्ताह बाद भी पुलिस ने गिरफ्तारी नही की। आरोप है कि उक्त लोग पीड़ित परिवार को धमकी दे रहे हैं।
जिसके बाद पीड़ित परिवार ने पलायन करने के लिए मकान पर बिकाऊ का नोटिस चस्पा कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित परिजनों से मिलकर जल्द गिरफ्तारी का आश्वाशन देकर पलायन से रोक दिया। जिसके बाद नोटिस हटा दिया गया है। पीड़ित परिवार अभी भी दहशत में है।

