जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: आज गुरूवार को सीबीआई ने मेरठ कैंट बोर्ड में अचानक छापा मारा है। छापे से बोर्ड के स्टाफ में हड़कंप मच गया। चर्चा है कि कई दिनों से सीबीआई के छापे की आहट सुनाई दे रही थी। सीबीआई की इस कार्रवाई से कैंट बोर्ड के कुछ सेक्शन के स्टाफ की मुश्किलें बढ़नी तय मानी जा रही हैं।
जानकारों की मानें तो छापे से पूर्व सीबीआई ने नोटिस भी दिया था। कुछ माह पूर्व डायरेक्टर मध्य कमान डा. डीएन यादव द्वारा मेरठ में दो दिनी प्रवास के दौरान कैंट बोर्ड के तमाम अनुभागों पर लगाए गए आरोपों की जांच के बाद तैयार की गयी रिपोर्ट को आधार बनाकर सीबीआई ने मेरठ कैंट बोर्ड प्रशासन को नाेटिस भेजा था।
सीबीआई ने पीयूष गौतम एई (असिस्टेंट इंजीनियर) और वीके त्यागी सफाई अधीक्षक समेत स्टॉफ के अन्य लोगों से पूछताछ करने के साथ दस्तावेज़ चेक किए। सीबीआई ने कैंट बोर्ड को 21 अप्रैल को एक पत्र दिया था। उन्होंने तीन बिंदुओं पर जांच की बात की थी। तीन सदस्यों की टीम कैंट बोर्ड पहुंची और जांच शुरू कर दी।
गौरतलब है कि कुछ माह पूर्व डायरेक्ट मध्य कमान पीडी के आदेश पर रक्षा मंत्रालय की ओर से भेजी गई शिकायतों की लंबी फेहरिस्त की जांच के लिए मेरठ पहुंचे थे। दरअसल, रक्षा मंत्रालय में मेरठ कैंट बोर्ड के विभिन्न अनुभाग या सेक्शन से जुड़े अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए गए थे।
अपने प्रवास के दौरान डा. डीएन यादव अनेक स्थानों पर मौके पर निरीक्षण करने भी पहुंचे थे। उस दौरान सबसे ज्यादा जो मामला चर्चित हुआ था उसमें बाउंड्री रोड स्थित बंगला 22बी में होटल 22बी का बनाया जाना और उस होटल को ट्रेड लाइसेंस का जारी कर दिया जाना था। ऐसे ही कई अन्य मामलों की शिकायतें हैं जिसे रक्षा मंत्रालय को भेजा गया था, उनकी जांच डा. डीएन यादव ने की थी। इसके अलावा मछेरान के जिस पार्क से डा. डीएन यादव ने अपने कार्यकाल में अवैध कब्जे हटवाए थे, वहां दोबारा अवैध कब्जों का हो जाना।
ऐसे ही कई अन्य मामलों जिसमें ज्यादातर अवैध निर्माण शामिल हैं, की जांच कर रिपोर्ट मंत्रालय को भेजी थी। साथ ही बीते दिनों कैंट बोर्ड मेरठ के सेनिटेशन सेक्शन के भर्ती घोटाले में एक सुपरवाइजर की गिरफ्तारी के बाद इस बात की आशंका व्यक्त की गयी थी कि जो जांच डा. डीएन यादव ने की है तथा जिसकी रिपोर्ट रक्षा मंत्रालय को भेजी है, भर्ती घोटाले की जांच कर रहे सीबीआई के अफसर डा. डीएन यादव की उस जांच रिपोर्ट का संज्ञान ले सकते हैं। पता चला है कि सीबीआई ने डा. डीएन यादव की उक्त जांच रिपोर्ट का संज्ञान ले लिया है, उसी क्रम में सीबीआई की टीम आज कैंट बोर्ड कार्यालय पहुंची है।
दो दिन की ट्रेनिंग पर गए कैंट बोर्ड के सीईओ
सीईओ ज्योति कुमार गुरुवार और शुक्रवार को दो दिन की ट्रेनिंग पर गए हैं। सीबीआई के अधिकारियों ने सीईओ से मुलाकात करने की बात की तो उन्हें कैंट बोर्ड के अधिकारियों ने ट्रेनिंग के बारे में बताया। हालांकि अधिकारियों द्वारा सीईओ के कार्यालय में बैठकर पीयूष गौतम और वीके त्यागी से पूछताछ की गई।
22 बी होटल प्रकरण में सफाई निरीक्षक हो चुके सस्पेंड
कैंट बोर्ड क्षेत्र के बॉउंड्री रोड पर पंकज जौली का 22 बी होटल है। होटल निर्माण और ट्रेडिंग लाइसेंस में अनियमितता के चलते होटल में सील लगा दी गई थी। लेकिन बोर्ड के अधिकारियों की मिलीभगत की वजह से देर शाम ही होटल की सील हटा दी गई थी। इस मामले में सफाई निरीक्षक अभिषेक गंगवार को सस्पेंड कर दिया गया था।
शिकायत पर जांच की तलवार लटकी
जानकारों की मानें तो इस निर्माण को लेकर कुछ गंभीर शिकायतें वाया रक्षा मंत्रालय भारत सरकार को भेजी गयी हैं। इन शिकायतों के साथ कुछ बड़े जन प्रतिनिधियों के पत्र भी संलग्न किए गए हैं। जिसके बाद रक्षा मंत्रालय ने पीडी मध्य कमान लखनऊ को उक्त शिकायतों की जांच कर रिपोर्ट भेजने व कृत कार्रवाई से अवगत कराए जाने के निर्देश दिए।
माना जा रहा है कि उसी शिकायत के क्रम में मध्यम कमान से डायरेक्टर सत्य नारायण कैंट बोर्ड मेरठ पहुंचे हैं। उनका आगमन एक दिन पहले यानि बुधवार को बताया गया है। वहीं दूसरी ओर यह भी जानकारी मिली है कि बीते दो दिन से कैंट बोर्ड के सीईओ भी आफिस नहीं आ रहे हैं।
हालांकि इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है। वहीं यदि छावनी क्षेत्र की सड़कें जिनका निर्माण पिछले कुछ माह के दाैरान कराया गया है, उनमें से कई की स्थिति ठीक नहीं है। मेरठ के वेस्ट एंड रोड मंदिर मार्ग वाली सड़क की स्थिति बद से बदतर बन गयी है। हालांकि यह कहना जल्दबाजी होगी कि इस सड़क के इतनी जल्दी उखड़ जाने का कारण क्या है।
लेकिन, यह सड़क बुरी दशा में है जबकि कुछ ही समय पूर्व इसका निर्माण कराया गया था। इसको लेकर सबसे ज्यादा परेशान वह लोग हैं जो काली पलटन बाबा औघड़नाथ मंदिर आया जाया करते हैं। यदि सड़क निर्माण में किसी प्रकार की कोई चूक पकड़ में आती है तो यह कैंट बोर्ड के इंजीनियरिंग सेक्शन के लिए परेशानी का सबब बन सकता है।