जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: आज रविवार को भारत की ओर से संघर्षविराम उल्लंघन के आरोपों के बीच पाकिस्तान की ओर से दावा किया जा रहा है कि वह भारत के साथ किए गए संघर्षविराम समझौते का पूरी ईमानदारी से पालन कर रहा है। हालांकि इस बयान से कुछ घंटे पहले ही राजस्थान के बाड़मेर और जम्मू-कश्मीर के बारामुला जिलों में पाकिस्तानी ड्रोन हमलों और मोर्टार शेलिंग की घटनाएं रिपोर्ट की गई थीं।
विदेश मंत्रालय क्या बोला?
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने कहा, “हम संघर्षविराम की सहज क्रियान्वयन में किसी भी समस्या को संवाद से सुलझाने के पक्ष में हैं। हमारी सेनाएं जिम्मेदारी और संयम के साथ स्थिति को संभाल रही हैं।” मंत्रालय ने भारत पर ही संघर्षविराम उल्लंघन का आरोप लगाया और ज़मीनी सैनिकों को संयम बरतने की सलाह दी।
बता दें कि, 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 निर्दोष नागरिकों की मौत के बाद भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और POK में स्थित आतंकी ठिकानों पर जवाबी कार्रवाई शुरू की थी। तब से दोनों परमाणु संपन्न पड़ोसी देश तनावपूर्ण सैन्य गतिरोध में फंसे हुए हैं।
भारत ने दी चेतावनी
वहीं, भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने पाकिस्तान को स्पष्ट शब्दों में चेताया। उन्होंने कहा, “पाकिस्तान के लगातार संघर्षविराम उल्लंघनों का हमारी सेना माकूल जवाब दे रही है। सीमा पर तैनात बलों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी नई कार्रवाई का तुरंत और कड़ा जवाब दिया जाएगा।”

