जनवाणी संवाददाता ।
मेरठ: टीपी नगर थाना क्षेत्र स्थित गुप्ता कॉलोनी में रविवार को बहुजन आंदोलन के प्रणेता एवं कांशीराम की जयंती के अवसर पर बाबा साहेब समाज सुधार समिति, अंबेडकर धर्मशाला में कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने कांशीराम जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर केक काटकर उनका जन्मदिवस मनाया।
कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष वीर सिंह, उपाध्यक्ष संजीव कुमार, सचिव भीष्म सिंह, कोषाध्यक्ष एम.एस. गौतम, प्रेमपाल, जॉली वर्मा, मनोज उत्तम, संदीप, सतीश सागर, गौरव नागर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि कांशीराम जी ने अपना पूरा जीवन समाज के शोषित, पीड़ित और वंचित वर्ग को अधिकार दिलाने के लिए समर्पित किया। उन्होंने सामाजिक न्याय और समानता की लड़ाई को मजबूत आधार दिया।
कार्यक्रम में मौजूद संजीव कुमार, सदस्य विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (राज्य स्तरीय दिशा) उत्तर प्रदेश एवं सदस्य रेल मंत्रालय ने कहा कि कांशीराम जी का जीवन सामाजिक स्वाभिमान और सामाजिक चेतना की प्रेरणा देता है। उनका संघर्ष आज भी समाज को न्याय और अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की सीख देता है।
अंत में सभी उपस्थित लोगों ने कांशीराम जी को शत-शत नमन करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

