- बेगमपुल व्यापार संघ महामंत्री ने आलाधिकारियों को कराया अवगत
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: शहर के भीड़ वाले बेगमपुल इलाके मे आज सुबह अचानक बिजली का पोल टूट जाने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गयी। जैसे ही अचानक पोल टूटा वह तारों के सहारे से बीचों बीच झूल गया। जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस वक्त बेगमपुल बाजार खुल चुका था। रविवार अवकाश का दिन होने की वजह से बाजार में काफी चहल-पहल थी। हादसे के वक्त जो लोग दो पहिया वाहन से गुजर रहे थे घबराहट में उन्होंने तेजी से निकलने के लिए स्पीड बढ़ा दी।
जो लोग पैदल थे वो भागने लगे। लोगों को लगा कि पोल टूटने के बाद सीधा सड़क पर आ गिरेगा। जिस वक्त हादसा हुआ बिजली की लाइन भी चालू थी। रोड पर करंट फैलने के डर से जिसको जहां भी रास्ता दिखाई दिया तेजी से उस ओर दौड़ पड़ा। बिजली का पोल तारों पर झूल जाने के बाद घबराहट में बेगमपुल के तमाम व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों से बाहर आ गए। वो तमाम लोग महामंत्री पुनीत शर्मा के प्रतिष्ठान की ओर लपके।
हालांकि उससे पहले ही पुनित शर्मा देख चुके थे कि बिजली का पोल टूट कर तारों पर झूल गया है। उन्होंने महापौर व क्षेत्र के पार्षद के अलावा तत्काल नगरायुक्त व नगर निगम प्रशासन के दूसरे अफसरों को भी इसकी सूचना दी। इसके अलावा उन्होंने बिजलीघर पर काल कर लाइन को बंद कराया। जो लोग घबराए हुए थे उनको संयत किया कि घबराने की जरूरत नहीं है, लाइन को बंद करा दिया गया है। हालांकि इसकी रिपेयर के लिए आने में नगर निगम की टीम को काफी वक्त लग गया।
काफी इंतजार के बाद पहुंची नगर निगम की टीम ने वहां रिपेयरिंग का काम शुरू किया। पोल की मरम्मत करने के बाद उसको दोबारा से वहां खड़ा कर दिया गया। वहीं दूसरी ओर इस घटना के बाद बेगमपुल व्यापार संघ के महामंत्री ने बाजार के जितने भी पोल हैं उनको लेकर एक सर्वे किया। उन्होंने जानकारी दी कि ज्यादातर पोल पुराने हो चुके हैं। नीचे गल चुके हैं। जिस प्रकार से आज पोल टूटकर तारों पर झूल गया वैसा ही हादसा यहां कभी भी हो सकता है।

उन्होंने निगम प्रशासन तथा पीवीवीएनएल प्रशासन से मांग की है कि बेगमपुल से लेकर बच्चापार्क चौराहे तक सड़क के दोनों ओर जितने भी बिजली के पोल हैं उनकी जांच करायी जाए। जो भी पोल कमजोर हो गए हैं उनको बदल दिया जाए। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों से कहा है कि जब भी पोलों का सर्वे किया जाए उसमें बेगमपुल व्यापार संघ के पदाधिकारी जरूर शामिल किए जाएं ताकि बता सकें कि कहां-कहां पर परेशानी है या फिर पोल कमजोर हो गए हैं।
हाइटेंशन लाइन पर गिरा लाइट का पोल
मेरठ: मवाना रोड स्थित कसेरू बक्सर के सामने लाइट का पोल हाइटेंशन लाइन पर गिरने की वजह से बड़ा हादसा होने से बच गया। सूचना मिलने पर बिजली विभाग के कर्मचारियों ने पोल को हाइटेंशन लाइन से अलग किया। कसेरू बक्सर के मुख्य रास्ते के पास हाईमास्ट लाइट वाला पोल कई वर्षों से जर्जर अवस्था में खड़ा हुआ था। सोमवार दोपहर डेढ़ बजे तेज हवा के चलते ही पोल टूटकर हाइटेंशन के विद्युत तारों पर जा गिरा। जिसके बाद बाजार में मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। उन्होंने तत्काल मामले की जानकारी बिजली विभाग के कर्मचारियों को दी।
इस दौरान भारी भरकम पोल को बिजली के तारों ने नीचे नहीं गिरने दिया। मौके पर पहुंचे कर्मचारियों ने बताया कि हाइटेंशन लाइन पर पोल गिरने की वजह से कसेरू बक्सर, बी ब्लॉक गंगानगर, तिलकुपरम कॉलोनी, पंचवटी कॉलोनी और सूर्या अस्पताल के आसपास की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। करीब दो घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद कर्मचारियों ने पोल को हाइटेंशन लाइन से हटाया तो लोगों ने राहत की सास ली। अगर किसी कारण से पोल दूसरी दिशा में या फिर तारों को तोड़कर नीचे गिर जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

