जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: महाकुम्भ मेला 2025 को दिव्य एवं भव्य बनाने के लिए मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र की अध्यक्षता में शीर्ष समिति की द्वितीय बैठक सोमवार को सर्किट हाउस में सम्पन्न हुई। अपने संबोधन में मुख्य सचिव ने महाकुम्भ 2025 को अमृतकाल का पहला कुम्भ कहते हुए कम्युनिटी एंगेजमेंट प्रोग्राम के तहत अधिक से अधिक संख्या में जनपद निवासियों को जोड़ते हुए उनसे शहर को स्वच्छ बनाने में सहयोग करने की अपील की। जनपद में यातायात समस्याओं के निराकरण के दृष्टिगत उन्होंने ट्रैफिक प्लान हेतु कंसल्टेन्ट्स को हायर कर भविष्य में किन-किन सडकों पर ट्रैफिक समस्याएं अधिक हो सकती हैं इसका आकलन करते हुए कार्ययोजना तैयार करने के लिये कहा है। साथ ही सभी विभागों को निर्देशित किया कि समस्त कार्यों का शासनादेश 15 मार्च तक निर्गत कर दिया जाये, ताकि समयान्तर्गत बजट अवमुक्त किया जा सके।

सड़कों के चौड़ीकरण एवं विकास पर चर्चा करते हुए मुख्य सचिव ने समय बचाने के दृष्टिगत रोड बनाते समय ही रोड साइड प्लाण्टेशन तथा खाली जगहों पर पार्किंग विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने नगर आयुक्त को नगर निगम द्वारा बसवार में संचालित कंस्ट्रक्शन एण्ड डिमोलिशन वेस्ट प्लांट से बनाई जा रही टाइल्स का उपयोग इन सभी सड़कों के विकास में करने के लिये भी कहा है।
उन्होंने मेलाधिकारी को महाकुम्भ के कार्यों के कियान्वयन 2 वर्ष के लिए आवश्यकतानुसार एक प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट का गठन करने को कहा, जिससे कि मैनपावर की कमी न हो सके।
बैठक में 948 करोड़ रुपये की 50 प्रस्तावित परियोजनाओं में से लगभग 896 करोड रुपये की लागत की 38 परियोजनाओं को सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके अतिरिक्त मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज से संबंधित 12 परियोजनाओं का पुनः परीक्षण पर शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। शीर्ष समिति की प्रथम बैठक में स्वीकृत 51 परियोजनाओं में से प्रयागराज में प्रस्तावित रिंग रोड के दृष्टिगत उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम की 2 परियोजनाएं, जिसमें अंदावा-कनिहार मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग पर प्रस्तावित दो लेने उपरिगामी सेतु का निर्माण एवं यूनाइटेड कॉलेज के समीप इलाहाबाद-मुगलसराय रेल सेक्शन पर प्रस्तावित दो लेन उपरिगामी सेतु के निर्माण को स्थगित कर दिया गया है। बैठक में मण्डलायुक्त श्री विजय विश्वास पंत, मेलाधिकारी कुम्भ मेला विजय किरन आनन्द ने सभी परियोजनाओं के बारे में मुख्य सचिव को अवगत कराया। साथ ही सभी कार्यों को शीघ्र प्रारम्भ करने हेतु संबंधित विभागों में अतिरिक्त अधिकारियों की शीघ्र तैनाती का अनुरोध किया।

