जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी के दिशा-निर्देश पर जनपद पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण एवं गोकशी की घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत थाना चिलकाना पुलिस ने शुक्रवार देर रात मुठभेड़ के दौरान एक शातिर गौकश को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
जानकारी के अनुसार, थानाध्यक्ष चिलकाना पुलिस बल के साथ डिडौली खेड़ा मार्ग पर गश्त कर रहे थे, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गुमटी के जंगल में कुछ व्यक्ति गौकशी का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस टीम मौके पर पहुँची तो दो युवक एक गौवंश को पेड़ से बाँधकर वध की तैयारी में लगे मिले। पुलिस को देखकर दोनों ने फायरिंग कर भागने की कोशिश की।जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी आमिर पुत्र इरफान, निवासी ग्राम खेड़ामेवात के पैर में गोली लगी, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस ने मौके से एक तमंचा .315 बोर, दो खोखा, दो जिंदा कारतूस, गौकशी के उपकरण व एक जीवित गौवंश बरामद किया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।पुलिस के अनुसार, आमिर के खिलाफ गोकशी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। फरार आरोपी की तलाश में कॉम्बिंग अभियान जारी है।

