सुभाष शिरढोनकर
जानी-मानी एक्ट्रेस चित्रांगदा सिंह की सबसे बड़ी विशेषता है कि वह हर बार अलग किरदार में नजर आती रही हैं। उन्होंने कमर्शियल फिल्मों के मुकाबले परफॉरमेंस ओरिएंटेड फिल्मों को हमेशा ज्यादा महत्व दिया। आने वाले हर आॅफर को स्वीकार करने के बजाए चित्रांगदा सिंह उनमें से ऐसी स्क्रिप्ट्स चुनती हैं जो उनके किरदार को मजबूती दें। वह शुरू से क्वालिटी को क्वांटिटी से ज्यादा तरजीह देती आई हैं। उनकी यही कोशिश होती है कि वे ऐसी फिल्में करें जिनमें शानदार परफोरमेंस का अवसर उन्हें मिले।
चित्रांगदा सिंह की तुलना अक्सर बीते जमाने की दिग्गज अभिनेत्री स्मिता पाटिल से की जाती है। स्मिता की तरह शानदार एक्टिंग की वजह से उनकी कुछ फिल्में काफी बेहतरीन भी साबित हुई हैं। चित्रांगदा सिंह ने दिल्ली में रहते हुए अपने करियर की शुरूआत मॉडलिंग से की थी और इसके बाद उन्हें पहले म्यूजिक वीडियो ‘सनसेट पॉइंट’ में काम मिला। उसके बाद म्यूजिक एलबम ‘तुम तो ठहरे परदेसी’ के जरिए उन्हें पहचान मिली। कॉलेज की पढाई खत्म करने के बाद चित्रांगदा को तीन बार एयर होस्टेस के आॅफर मिले लेकिन हर बार उन्होंने वो आॅफर ठुकरा दिए।
अभिषेक बच्चन, अक्षय कुमार, संजय दत्त और जॉन अब्राहम जैसे स्टार्स के साथ सिल्वर स्क्रीन पर नजर आ चुकी चित्रांगदा सिंह अब सलमान खान के साथ फिल्म ‘बैटल आॅफ गलवान’ को लेकर चचार्ओं में बनी हुई हैं। इस फिल्म में वो सलमान खान संग रोमांस फरमाती हुई दिखाई देंगी। यह फिल्म इस साल 17 अप्रैल को रिलीज हो रही है। चित्रांगदा जितनी खूबसूरत हैं, उतनी ही ग्लैमरस भी हैं। 49 की उम्र में भी वह खूबसूरती के मामले में बॉलीवुड की कई एक्ट्रेसों को कड़ी टक्कर देती हैं। अपनी खूबसूरती और उम्दा अदाकारी की बदौलत चित्रांगदा सिंह ने अपनी एक अलग ही पहचान बनाई है। वह अपनी खूबसूरती और स्टाइलिश लुक्स को लेकर अक्सर चर्चा में रहती हैं। साड़ी लुक में तो वह कमाल की नजर आती हैं। उनके फैशन सेंस, खूबसूरत हेयर स्टाइल और पर्सनालिटी पर फैंस अपना दिल हार बैठे हैं। फिल्म ‘बैटल आॅफ गलवान’ के अलावा चित्रांगदा सिंह अपकमिंग मल्टीस्टारर फिल्म ‘हाउसफुल 5’ को लेकर चर्चा में हैं।
फिल्म का एक गाना ‘लाल परी’ रिलीज हो चुका है जिसमें चित्रांगदा सिंह की झलक देखने को मिली है। गाने में उनका ग्लैमरस अंदाज हर किसी को खूब लुभा रहा है। चित्रांगदा का फिल्म करियर काफी उतार-चढ़ाव से भरा रहा है। प्रोफेशनल लाइफ की तरह उनकी पर्सनल लाइफ में भी काफी उथल पुथल रही।
30 अगस्त 1976 को जोधपुर के एक आर्मी आॅफिसर फैमिली में पैदा हुई चित्रांगदा सिंह ने सुधीर मिश्रा की फिल्म ‘हजारों ख्वाहिशें ऐसी’ (2005) से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। पहली फिल्म के बाद भी चित्रांगदा सिंह ने सुधीर मिश्रा के साथ आगे कई फिल्मों में काम किया। निश्चित तौर पर चित्रांगदा को एक सपोर्टिंग एक्ट्रेस से लीड एक्ट्रेस बनने में सुधीर मिश्रा बहुत बड़ा हाथ रहा। फिल्मों में आने के पहले ही साल 2001 में चित्रांगदा सिंह की शादी इंडियन गोल्फर ज्योति रंधावा के साथ हो चुकी थी। इसके बाद वह बेटे जोरावर की मां बनी। चित्रांगदा सिंह की शादीशुदा जिंदगी कुछ सालों तक ठीक चली लेकिन फिर पति के साथ उनके रिश्ते में दरार आ गई। दोनों ने साल 2014 में आपसी सहमति से तलाक ले लिया। तलाक के बाद बेटे की कस्टडी चित्रांगदा के पास रही।

