जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: सीआईएस संवाद-2025 औद्योगिक संगम के दूसरे दिन मंगलवार को नगर निगम और खाद्य सुरक्षा विभाग की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिलाधिकारी सहारनपुर मनीष बंसल, आईएएस और विशिष्ट अतिथि नगर आयुक्त शिपू गिरी, आईएएस मौजूद रहे। खाद्य सुरक्षा विभाग से सहायक आयुक्त (एफएसएसएआई) मनोज वर्मा ने विशेष रूप से शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ आस्था शर्मा द्वारा गणेश वंदना से हुआ, जबकि संचालन संदीप शर्मा और आस्था शर्मा ने किया। जिलाधिकारी ने कहा कि “विकसित प्रदेश 2047” के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए उद्योगों को एडवांस टेक्नोलॉजी और नई सोच के साथ काम करना होगा। उन्होंने कहा कि यदि उद्योग प्रगति करेंगे तो समाज, प्रदेश और राष्ट्र का विकास स्वतः सुनिश्चित होगा। संस्था के अध्यक्ष रविंद्र मिगलानी ने सभी अतिथियों व सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि यह कार्यशाला उद्योग जगत की समस्याओं के समाधान और नीतिगत सुझाव देने का महत्वपूर्ण मंच है। नगर आयुक्त शिपू गिरी और म्युनिसिपल स्वास्थ्य अधिकारी प्रवीण शाह ने सदस्यों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार किया और शहर के प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण, नवाबगंज चौक के गड्ढों को भरवाने तथा हसनपुर चौक से मई खुर्द मिनी बायपास तक सड़क चौड़ीकरण के लिए पहल करने का आश्वासन दिया।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी मनोज वर्मा ने फूड एक्ट-2006 की जानकारी देते हुए कहा कि छोटे व्यापारी पंजीकरण और बड़े व्यापारी लाइसेंस के माध्यम से पंजीकृत होते हैं। उन्होंने संस्था के सहयोग से जागरूकता शिविर आयोजित कर तत्काल लाइसेंस/पंजीकरण उपलब्ध कराने की घोषणा की।पैनल चर्चा में संरक्षक अमर गुप्ता, चेयरमैन एच.एस. चड्ढा, महासचिव (का) सरदार बलजीत सिंह चावला, अमरनाथ और विश्वजीत पंडित ने अधिकारियों से संवाद किया।कार्यशाला के कन्वीनर नीरज मिड्ढा, विक्रांत पुंडीर और सुनील सुरी ने उपस्थित सभी का आभार जताया। इस अवसर पर वरिष्ठ पदाधिकारियों व 120 से अधिक सदस्य, जिनमें दिनेश माहेश्वरी, रवि टंडन, विजय वशिष्ठ, सक्षम बत्रा, गौरव जैन, रविंद्र कालरा, नमन बत्रा, डीके गुप्ता, अनिल तुली, रश्मि टेरेंस, सुषमा बजाज, गिरीश मित्तल, सुरेंद्र अरोड़ा सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल रहे।

