जनवाणी ब्यूरो |
यूपी: उत्तर प्रदेश पुलिस में उप निरीक्षक भर्ती की लिखित परीक्षा में पूछे गए विवादित प्रश्न के मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने सभी भर्ती बोर्ड के अध्यक्षों को निर्देश दिया कि किसी भी व्यक्ति, जाति, पंथ या संप्रदाय की मर्यादा और आस्था के संबंध में अमर्यादित टिप्पणी कभी भी स्वीकार्य नहीं है।
पेपर सेटर्स और भर्ती बोर्ड के लिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने सभी भर्ती बोर्ड के अध्यक्षों से कहा कि वे इस मामले का संज्ञान लें और सभी पेपर सेटर्स को इस संदर्भ में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दें। उन्होंने यह भी कहा कि आदतन ऐसी हरकतें करने वालों पर तत्काल प्रतिबंध लगाया जाए।
साथ ही, उन्होंने सभी पेपर सेंटर्स के साथ परीक्षा संबंधी एमओयू में इस बाबत शर्त जोड़ने का निर्देश दिया। इस मामले के बाद उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी कड़ी आपत्ति जताई और जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई करने की बात कही थी।
वर्षा से फसलों के नुकसान का आकलन
मुख्यमंत्री ने रविवार सुबह पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हुई वर्षा से फसलों को हुए नुकसान की जानकारी ली। उन्होंने सभी संबंधित जिलों के डीएम और अधिकारियों को फील्ड में जाकर किसानों से संवाद करने और फसलों के नुकसान का सटीक आकलन करने का निर्देश दिया।
मुआवजा और राहत की व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राहत आयुक्त फील्ड अधिकारियों के साथ सीधे समन्वय करें और फसलों को हुई क्षति का आकलन कर समय पर मुआवजा वितरण सुनिश्चित करें।

