- एसडीएम को ज्ञापन देकर कोचिंग सेंटर खुलवाने की मांग की
जनवाणी संवददाता |
बड़ौत: कोचिंग सेंटर खुलवाए जाने की मांग को लेकर नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में छात्रों ने तहसील में धरना प्रदर्शन करते हुए एसडीएम को ज्ञापन दिया।
दरअसल, बुधवार को काफी संख्या में छात्र तहसील परिसर में एकत्रित हुए। छात्रों ने कोचिंग सेंटर को खुलवाए जाने की मांग करते हुए जमकर हंगामा प्रदर्शन किया।
हाथों में स्लोगन लिखे पोस्टर लेकर तहसील परिसर में धरना दिया। छात्रों का कहना था कि कोरोना महामारी के कारण कोचिंग सेंटरों व पुस्तकालयों पर गत 6 महीने से ताला लगा हुआ है।
विभिन्न सरकारी विभागों में नौकरी के लिये आवेदन किये हुए हैं। जिनकी परीक्षा की तैयारी इन्हीं कोचिंग सेंटर के माध्यम से होती है। वर्तमान में भी बहुत से सरकारी, गैर सरकारी विभागों में रिक्तियां निकली हुई है।
अब इन नौकरी को पाने के लिए की जाने वाली तैयारी बिना कोचिंग सेंटर व शिक्षकों के मार्गदर्शन के बिना पूरी नहीं हो पा रही है। छात्रों का कहना था कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार को छात्रहितों का ध्यान रखते हुए कोचिंग सेंटर्स को खोलने की अनुमति दी जानी चाहिए।
छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर एसडीएम को ज्ञापन दिया और जल्द कोचिंग सेंटर खुलवाने की मांग की।एसडीएम ने छात्रों को आश्वासन दिया कि सरकार जल्द ही कोई ना कोई हल निकालेगी।

