जनवाणी संवाददाता |
मोदीपुरम: पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सर्दी का असर लगातार बना हुआ है। सुबह के समय हल्का कोहरा देखने को मिला। ठंडी हवाओं के चलते लोगों को सर्दी का एहसास होता रहा। मौसम विभाग के अनुसार दिन के तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई, लेकिन रात का तापमान अब भी सामान्य से नीचे बना हुआ है। सुबह और रात के समय कोहरे के कारण दृश्यता प्रभावित रही, जिससे सड़क और रेल यातायात पर भी असर पड़ा। आने वाले कुछ दिनों तक सुबह-शाम घने कोहरे और शीतलहर की स्थिति बने रहने की संभावना जताई जा रही है।
पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में भी साफ दिखाई दे रहा है। उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में हो रही बर्फबारी के चलते ठंडी हवाएं मैदानी क्षेत्रों तक पहुंच रही हैं, जिससे तापमान में गिरावट बनी हुई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पहाड़ों से आ रही सर्द हवाओं के कारण पश्चिमी यूपी में ठंड का प्रकोप अभी जारी रह सकता है। प्रदूषण की स्थिति भी चिंता का विषय बनी हुई है। कोहरे और शांत हवाओं के कारण प्रदूषक कण वातावरण में ठहर जा रहे हैं, जिससे वायु गुणवत्ता मध्यम से खराब श्रेणी में बनी हुई है।
खासकर सुबह के समय प्रदूषण का असर अधिक महसूस किया जा रहा है। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि अत्यधिक ठंड और कोहरे को देखते हुए सुबह-शाम सावधानी बरतें, आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें और बुजुर्गों व बच्चों का विशेष ध्यान रखें।

