- जिलाधिकारी ने औचक निरीक्षण में लगाई फटकार
जनवाणी संवाददाता |
शामली: जिलाधिकारी जसजीत कौर ने कलक्ट्रेट का औचक निरीक्षण करते हुए सभी अनुभाग कार्यालयों में संबंधित पत्रावलिओं का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान पटलों पर बैठे कर्मचारियों द्वारा मास्क न लगाने और सैनिटाइजर का उपयोग न करने पर कड़ी फटकार लगाई।
सोमवार को जिलाधिकारी जसजीत कौर ने कलक्ट्रेट के औचक निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों को हिदायत देते हुए कहा कि नियमित मास्क व सैनिटाइजर का प्रयोग करें, अभी कोरोना वायरस का खतरा टला नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसी लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
खतौनी कंप्यूटर कक्ष में पहुंच कर उन्होंने आम व्यक्ति से पूछा खतौनी के लिए कितने रुपये बताए गए हैं, जिस पर उसने खतौनी की फीस के लिए मुझे 15 रुपये देना बताया। उन्होंने कर्मचारियों को समय से कार्य को पूरा करने के निर्देश देते हुए हिदायत दी कि अनुभाग कार्यालय में सफाई व्यवस्था का अभाव कतई नहीं होना चाहिए।
जिलाधिकारी ने कलक्ट्रेट कार्यालय के संयुक्त कार्यालय, संग्रह, नजारत, भूलेख, पंचायत एवं नगर निकाय चुनाव कार्यालय, आपूर्ति कार्यलय आदि संबंधित पटलों का निरीक्षण किया।
उन्होंने विभिन्न पटलों पर पत्रावलियों को देखा। साथ ही, कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका का अवलोकन करते हुए सेवा पुस्तका को मानव संपदा पोर्टल पर शत प्रतिशत फीड किए जाने के निर्देश दिए।
उन्होंने नाजिर को वाटर कूलर व शौचालय की नियमित रूप से साफ सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अरविंद कुमार सिंह, तहसीलदार शामली अजय शर्मा आदि मौजूद रहे।

