जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद जयराम रमेश ने अमेरिका और पाकिस्तान के बीच हुए संयुक्त सैन्य अभ्यास को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि यह घटनाक्रम भारत की विदेश नीति की विफलता को उजागर करता है।
दरअसल, अमेरिकी और पाकिस्तानी सेनाओं ने ‘इंस्पायर्ड गैम्बिट-2026’ नामक संयुक्त सैन्य अभ्यास शुरू किया है। इस अभ्यास के सामने आने के बाद कांग्रेस ने मोदी सरकार की कूटनीतिक रणनीति पर सवाल खड़े किए हैं।
एक्स पर पोस्ट कर साधा निशाना
जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा,“स्वयं को विश्वगुरु कहने वाले भारत की आत्मप्रशंसापूर्ण कूटनीति को एक और झटका देते हुए अमेरिकी सेंट्रल कमान ने अभी-अभी बयान जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि अमेरिकी और पाकिस्तानी सेना के सैनिकों ने ‘इंस्पायर्ड गैम्बिट’ नामक संयुक्त प्रशिक्षण अभ्यास पूरा कर लिया है।”
उन्होंने इशारों-इशारों में कहा कि भारत को रणनीतिक साझेदार बताने वाला अमेरिका, एक बार फिर पाकिस्तान के साथ सैन्य सहयोग करता नजर आ रहा है, जो भारत की सुरक्षा चिंताओं के लिहाज से गंभीर मुद्दा है।
विदेश नीति पर उठे सवाल
कांग्रेस का कहना है कि सरकार एक ओर वैश्विक मंचों पर भारत की बढ़ती ताकत और प्रभाव का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर भारत के पड़ोसी और आतंकवाद से जुड़े देश के साथ अमेरिका का सैन्य सहयोग जारी रहना केंद्र सरकार के दावों पर सवाल खड़े करता है।
फिलहाल केंद्र सरकार की ओर से इस मुद्दे पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन कांग्रेस के इस बयान के बाद अमेरिका-पाकिस्तान सैन्य संबंध और भारत की विदेश नीति को लेकर सियासी बहस तेज होने की संभावना है।

