जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: उत्तराखंड के देवप्रयाग-पौड़ी मार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कुंडाधार के पास एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक घायल बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर राहत एवं बचाव अभियान जारी है।
जानकारी के मुताबिक, कार हरिद्वार से पौड़ी की ओर जा रही थी। वाहन में छह से सात लोगों के सवार होने की सूचना है। देवप्रयाग-पौड़ी मार्ग पर कुंडाधार के समीप चालक का वाहन से नियंत्रण हटने के बाद कार गहरी खाई में गिर गई।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए। उन्होंने बिना देर किए पुलिस और प्रशासन को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। रेस्क्यू के दौरान खाई से अब तक पांच शव बरामद किए जा चुके हैं। अधिकारियों के अनुसार, अभियान अभी भी जारी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

