- लापरवाही करने वाली एजेंसी को ब्लैक लिस्ट करने के निर्देश
- नोडल अधिकारी ने की कानून व्यवस्था, विकास कार्यों की समीक्षा
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: जनपद के नोडल अधिकारी मंडलायुक्त एवी राजमौलि ने कलक्ट्रेट सभागार में कानून व्यवस्था व विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं को गुणवत्तापूर्ण ढंग से शीघ्र पूरा कराया जाए। निर्माण कार्यों में उच्च गुणवत्ता एवं मानकों का पालन होना चाहिए।
निर्माण कार्य में लापरवाही करने वाली निर्माण एजेंसी को काली सूची में डाल दिया जाएगा। मंडलायुक्त ने निर्देशित किया कि संस्थागत प्रसव को सामुदायिक एवं प्राइमरी स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रसव कराने को लेकर जागरूक किया जाए।
शनिवार की शाम मंडलायुक्त एवं जनपद के नोडल अअधिकारी एवी राजमौलि कलक्ट्रेट सभागार में कानून व्यवस्था एवं विकास कार्योक की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कहा कि अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर संयुक्त टीम बनाकर जांच की जाए, यदि किसी सेंटर पर लिंग की जांच होती पाई जाती है तो कठोर कार्यवाही के साथ एफआईआर कराई जाए। उन्होंने कहा कि हमारी प्राथमिकता अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति को भी विकास कार्यक्रमों का लाभ दिलाना है।

उन्होंने कौशल विकास मिशन की समीक्षा के दौरान कहा कि अधिक से अधिक बच्चों को शिक्षित कर रोजगार उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिए कि जनपद में नए उद्योग के लिए संबंधित से समन्वय स्थापित करें। उन्होंने पंचायती राज विभाग अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद में ओडीएफ के तहत शौचालय बनवाए गए थे सभी गांव व शहर में उनका वेरीफाई किया जाए।
उन्होंने कहा कि गांव उमरपुर में जिस गुणवत्ता से सामुदायिक शौचालय बना है उसी गुणवत्ता से अन्य सामुदायिक शौचालय बनाए जाए। उन्होंने कहा कि तहसील दिवस में शिकायतों का अधिकारी मौके पर ही जाकर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराएं, शिकायतकर्ता भी शिकायत निस्तारण पर संतुष्ट हो।
इस अवसर पर डीएम जसजीत कौर, एसपी सुकीर्ति माधव, सीडीओ शंभू नाथ तिवारी, एडीएम अरविंद कुमार सिंह, परियोजना निदेशक ज्ञानेश्वर तिवारी व संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रतिबंधित प्लास्टिक भंडारण कड़ी कार्रवाई के निर्देश
नोडल अधिकारी एवी राजमौलि कहा कि प्लास्टिक पूर्ण प्रतिबंध है इसका प्रयोग न किया जाए। जनपद में लेखपाल, सफाई कर्मचारी व अन्य कर्मचारी अधिकारियों द्वारा जागरूकता फैलाई जाए ताकि प्लास्टिक पूर्णता उपयोग में ना लाई जा सके। जनपद में प्लास्टिक संचालन व भंडारण करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाए। उन्होंने पीडब्ल्यूडी विभाग को सड़कों को गड्ढामुक्त कराने के लिए निर्देशित किया।
विद्यालयों के महिला शौचालयों में लगवाएं सीट
नोडल अधिकारी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि स्कूलों में शौचालय बनाए गए हैं। जिसमें महिला शौचालय में महिला सीट ना होकर सिर्फ गड्ढे कर दिए गए हैं जिस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि आप द्वारा सभी शौचालय में निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को देख शौचालयों में सीट लगवाना सुनिश्चित करें। सभी गांव में खेल मैदान उपलब्ध हैं सभी खेल मैदानों को सक्रिय करने के निर्देश दिए।
शत प्रतिशत गन्ना भुगतान कराना करें सुनिश्चित
नोडल अधिकारी एवी राजमौलि ने जिला गन्ना अधिकारी को जल्द से जल्द सभी चीनी मिलों द्वारा किसानों का पूर्ण भुगतान कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मिल प्रबंधकों के साथ बैठक कर गन्ना भुगतान 100% कराना सुनिश्चित करें।
अपराधिक तत्वों को चिन्हित कर करें कार्रवाई
नोडल अधिकारी एवी राजमौलि ने कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि चुनाव वर्ष होने के कारण प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों को विशेष रूप से चौकस रहने की जरूरत है। अपराधिक तत्वों के व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कार्यवाही करें। संबंधित अधिकारी फील्ड में रहकर सभी गतिविधियों पर नजर रखे। माहौल खराब करने वाले व्यक्तियों को चिन्हित कर कार्यवाही की जाए।

