- छह केन्द्रों पर 40 सत्र में लगानी थी चार हजार वैक्सीन, 107.78 प्रतिशत लोगों को लगायी
जनवाणी संवाददाता |
बागपत: जनपद में छह केन्द्रों पर चालीस सत्रों में चार हजार वैक्सीन लगाने का लक्ष्य दिया गया था। वहां पर 107.78 प्रतिशत लोगों को वैक्सीन लगायी गयी। वैक्सीन लगाने का कार्य शांतिपूर्ण संपन्न किया गया और किसी को कोई भी दिक्कत नहीं हुई।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. दीपा सिंह ने बताया कि जनपद में रविवार को छह केन्द्रों पर 40 सत्र लगाए गए थे और यहां पर चार हजार वैक्सीन लगाने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन लक्ष्य से अधिक लोगों को वैक्सीन लगायी गयी और यह 107.78 प्रतिशत लोगों को लगी।
कई केन्द्रों पर तो लक्ष्य से कम लगी तो कई पर लक्ष्य से अधिक लोग कोरोना का टीका लगवाने पहुंचे। बताया कि बागपत में आठ सत्र में आठ सौ में से 400, बड़ौत में सात सत्र में सात सौ में से 840, बिनौली में सात सत्र मेें सात सौ में से 690, छपरौली में छह सौ में से 520, खेकड़ा में छह सत्र में छह सौ में से 890 व पिलाना में छह सत्र में से छह सौ में से 980 को कोरोना का टीका लगाया गया।
वहीं कोविड-19 टीकोत्सव का वयोवृद्ध समाजसेवी चौधरी मंगत सिंह व सीएचसी अधीक्षक डा. विभाष राजपूत द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र अग्रवाल मंडी टटीरी पर फीता काटकर शुभारंभ किया और उसके बाद उन्होंने स्वंय टीका लगाकर सभी को जागरूक किया। केन्द्र पर 45 वर्ष से अधिक उम्र वाले व्यक्ति व महिलाएं टीका लगवाने के लिए पहुंची।

