- पति के खिलाफ कार्रवाई को लेकर परेशान थी बेटी
- सीओ ने मौके पर पहुंचकर पीड़ितों को कार्रवाई का दिया आश्वासन
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: रेलवे रोड थाने में पार्षद की बेटी ने जहर खाने की कोशिश की है। समय रहते दारोगा ने सल्फास छीन लिया। जिसके बाद जान बच सकी। सूचना पर सीओ कैंट रुपाली राय मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी की। पुलिस ने पार्षद की बेटी को उनके पति के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद ही वह वापस लौटी।
पार्षद की बेटी का विवाह ढाई साल पहले युवक से हुआ था। आरोप है कि पति आए दिन मारपीट करता है। जान से मारने की धमकी देता है। जिसकी शिकायत वह रेलवे रोड थाने में और अधिकारियों से भी कर चुकी है, लेकिन बावजूद इसके पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस के लापरवाह रवैये से परेशान होकर सल्फास लेकर पार्षद की बेटी रेलवे रोड थाने पहुंच गई और हंगामा करते हुए सल्फास की गोली निकालकर खाने लगी।
इस दौरान यहां पर तैनात एक दारोगा ने आनन-फानन में सल्फास छीना और नाले में जाकर फेंक दिया। इस दौरान काफी देर तक थाने में हंगामा चलता रहा। सूचना पर सीओ कैंट रुपाली राय मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी की। सीओ का कहना है कि इस प्रकरण की जांच कराई जा रही है, जो भी लापरवाही पाई जाएगी। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्कूटी सवार की दुर्घटना में मौत, साथी गंभीर
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर भोजपुर के पास हरिद्वार से गंगा जल लेकर स्कूटी पर लौट रहे दो दोस्तों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे स्कूटी पर पीछे बैठे दिल्ली निवासी सौरभ की मौत हो गई जबकि उनके दोस्त मयंक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। हाइवे पेट्रोलिंग टीम ने मौके पर पहुंचकर जानकारी की। वहीं भोजपुर पुलिस ने जानकारी भी की है।
दिल्ली के रहने वाले मयंक और सौरभ उम्र 25 हरिद्वार से गंगा जल लेकर वापस दिल्ली के लिए जा रहे थे। मयंक स्कूटी चला रहा था जबकि सौरभ पीछे बैठा हुआ था। रास्ते में भोजपुर के पास प्यास लगी तो पानी पीने के लिए रुकने के लिए ब्रेक मारे। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
हाइवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और एंबुलेंस में डालकर मयंक को उपचार के लिए भर्ती कराया जबकि दूसरा साथी सौरभ की मौत हो गई। सौरभ को भोजपुर पुलिस पोस्टमार्टम के लिए ले गई। वहीं देर रात परिजन मौके पर पहुंचे और उनका रो-रोकर बुरा हाल था।
आठ वर्षीय बच्चे को जमीन पर पटका कर, हालत गंभीर
मामूली सी बात को लेकर बहनोई ने आठ वर्षीय मासूम को बेरहमी से पीटा। रीढ़ की हड्डी में चोट लगने से बच्चे की हालत बिगड़ी। आनन-फानन में निजी हॉस्पिटल में कराया भर्ती। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के अंतर्गत श्याम नगर के रहने वाली नरगिस पत्नी युसूफ ने बताया कुछ दिनों पहले बच्चों के विवाद को लेकर बहनोई अकरम से कहासुनी हो गई थी।
जिसका समझौता आपस के लोगों ने करा दिया था। इसके बाद रंजिश के चलते शुक्रवार को बहनोई अकरम ने आठ वर्षीय मासूम बच्चे को बड़ी बेरहमी से पीटा जमीन पर पटक कर दे मारा। जिससे बच्चे की रीड की हड्डी में चोट आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने बच्चे को निजी हॉस्पिटल में कराया भर्ती।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। इसके बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई लेकिन कार्यवाही ना होने पर सोमवार को पीड़िता ने थाने पहुंचकर हंगामा काटा। आरोप यह है कि थाना पुलिस ने शिकायत के बाद भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया।

