जनवाणी संवाददाता |
सरधना: श्रीरामलीला मैदान के सामने विवादित भूमि पर डाली गई ईंट पालिका द्वारा चेतावनी देने के बाद भी हटाई नहीं गई है। दो दिन बीत जाने के बाद भी ईंट व अन्य निर्माण सामग्री भूमि पर ही पड़ी हैं।
मामले को लेकर सभासदों ने एसडीएम कार्यालय में शिकायती पत्र सौंपने के साथ ही नजूल लिपिक को पत्र देते हुए शीघ्र निर्माण सामग्री हटवाने की मांग की है। साथ ही भूमि पर तारबंदी व आरोपियां के खिलाफ कार्रवाई की मांग रखी है। ताकि कोई भी व्यक्ति नजूल की भूमि पर कब्जा नहीं कर सके।
श्रीरामलीला मैदान के सामने खाली पड़ी भूमि को लेकर विवाद चला आ रहा है। पालिका प्रशासन के अनुसार सरकारी रिकॉर्ड में यह भूमि बंजर के रूप में दर्ज है। जो पालिका के अंडर में आती है। मगर कुछ लोग उस पर कब्जा करने की फिराक में लगे हुए हैं।

पालिका उस भूमि पर बोर्ड लगवाया था। दो दिन पूर्व दूसरे पक्ष ने बोर्ड को उखाड़ फेंका और निर्माण कार्य शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस व पालिका टीम ने तत्काल निर्माण रुकवा दिया था। साथ ही बोर्ड वापस लगवा दिया था। इसी के साथ 24 घंटे में भूमि पर डाली गई ईंट व अन्य निर्माण सामग्री हटाने को कहा था।
दो दिन बीत जाने के बाद भी सारा सामान भूमि पर पड़ा है। मामले को लेकर शनिवार को कुछ सभासद तहसील पहुंचे। उन्होंने एसडीएम कार्यालय में शिकायती पत्र सौंपते भूमि पर पड़ी निर्माण सामग्री लहटाने की मांग की है। इसके अलावा कार्यवाहक ईओ को भी पत्र सौंपा है।
सभासदों ने आशंका जताई है क रात में भूमि पर निर्माण किया जा सकता है। इसलिए सामग्री हटवाकर भूमि की तारबंदी की जाएगी। साथ ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। ताकि पालिका की भूमि को कब्जा होने से बचाया जा सके। शिकायत करने वालों में शाकिर अंसारी, अफजाल, रहीसुद्दीन कुरैशी, आसमीन, दिलशाद अंसारी आदि शामिल रहे।

