- रतनपुरी थानाध्यक्ष ने महिला पुलिस रिपोर्टिंग चौकी को लिखा पत्र
- गायिका फरमानी ने पति समेत तीन लोगों के खिलाफ दी थी पुलिस को तहरीर
जनवाणी संवाददाता |
खतौली: गायिका फरमानी नाज को धमकी देने के प्रकरण में पुलिस कार्रवाई में लगी हुई है। उक्त मामले में रविवार को रतनपुरी थानाध्यक्ष ने महिला रिपोर्टिंग पुलिस चौकी को पत्र भेजकर मामले में हस्तक्षेप का आग्रह किया है। महिला पुलिस चौकी पर फरमानी व उनके पति की काउंसिलिंग कराई जाएगी। इसके लिए दोनों पक्षों को कोतवाली खतौली में बुलाया जाएगा। हालांकि कानूनी प्रक्रिया के तहत पहला प्रयास दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का होगा।
बता दे रतनपुरी थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर माफी की रहने वाली सोशलमीडिया की फेमस गायिका फरमानी नाज ने शनिवार को तहरीर देकर अपने पति समेत तीन लोगों के खिलाफ उसे जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए थे। रतनपुरी थानाध्यक्ष विंध्याचल तिवारी को फरमानी ने तहरीर देकर घटनाक्रम से अवगत कराते हुए अपनी जान माल की सुरक्षा की लगाई थी।
बता दें कि फरमानी नाज की तीन वर्ष पहले जनपद मेरठ के थाना इंचौली के गांव छोटा हसनपुर में इमरान से शादी हुई थी। जिसके बाद ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर फरमानी नाज गांव मोहम्मद पुर माफी में अपने मायके में एक बच्चे के साथ आकर रहने लगी थी। वही उक्त मामले को रतनपुरी पुलिस ने इंचौली पुलिस से संपर्क कर फरमानी के ससुराल की कुंडली खंगाल कर देने को कहा है।
रविवार को रतनपुरी थानाध्यक्ष विंध्याचल तिवारी ने खतौली महिला पुलिस चौकी को पत्र भेजकर मामले में जांच के निर्देश दिए है। मुकदमा दर्ज करने से पहले फरमानी नाज व उनके पति इमरान की काउंसिलिंग कराई जाएगी। थानाध्यक्ष ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के मुताबिक पति-पत्नी के विवाद में पहले समझौते का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए उनकी महिला पुलिस चौकी पर काउंसिलिंग होगी। दोनो पक्षों में समझौता नही होने पर मामले में कार्यवाही की जायेगी।

