- डीएम से गुहार, जांच में प्रशासन से मदद की दरकार
- रहस्मयी कंपन! आखिर माजरा क्या है?
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: नादिर अली बिल्डिंग से शुरू हुआ कंपन अब जली कोठी के साथ साथ पुर्वा फतेह नगर तक जा पहुंचा है। इस कंपन का दायरा लगातार बढ़ने से आसपास के लोग भी दहशत में हैं। पीड़ित लोगों ने हांलाकि जिलाधिकारी कार्यालय से सम्पर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब न मिलने से वो निराश हुए। हालांकि इस बिल्डिंग में रहने वाले शहजाद कुरैशी इस मामले में लगातार प्रशासन से सम्पर्क की कोशिश में लगे हुए हैं। उन्होंने बताया कि इस संबध में डीएम से भी उनकी बात हुई, लेकिन अभी तक भी मामले में कोई जांच टीम गठित नहीं की गई।

नादिर अली बिल्डिंग में चार दिनों से लगातर कंपन की शिकायत थी। दिन-प्रतिदिन कंपन का दायरा बढ़ता चला गया। जली कोठी और पुर्वा फतेह नगर तक यह कंपन पहुंच गया। कंपन होते ही लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं। सोमवार को पुर्वा फतेह नगर इलाके में रहने वाले मो. यासीन के तो पूरे घर में ही दरारें पड़ गई हैं। मो. यासीन का पूरा परिवार खौफ में है।
उधर, नादिर अली बिल्डिंग में रहने वाले वरिष्ठ कांग्रेस नेता डा. यूसुफ कुरैशी ने बताया कि क्षेत्रीय लोगों के साथ शीघ्र ही जिलाधिकारी से मिलेंगे और इस पूरे इलाके की सघन जांच की मांग करेंगे। क्षेत्रीय लोग इससे पूर्व एनसीआरटीसी अधिकारियों से भी सम्पर्क कर चुके हैं, लेकिन उन्होंने भी साफ कर दिया था कि इस इलाके में रैपिड की सुरंग खुदाई का काम तो पहले ही पूरा कर लिया गया है तथा यहां अब कोई भी टनल बोरिंग मशीन काम नहीं कर रही है। सोमवार को भी दिन भर क्षेत्र में कंपन की शिकायतें मिलती रहीं।
जांच का विषय
इस इलाके में पिछले कई दिनों से जारी कंपन की आखिर वजह क्या है? यह जांच का विषय है। चूंकि रैपिड अधिकारी साफ कर चुके हैं कि यहां सुरंग खुदाई का कोई काम चल ही नहीं रहा तो फिर ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि इस पूरे इलाके में कंपन की आखिर वजह क्या है। जिला प्रशासन भी फिलहाल इस पूरे मामले में अनजान बना हुआ है। कंपन की आखिर वजह क्या है, यह जांच का विषय है।

