जनवाणी ब्यूरो ।
नई दिल्ली: अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के भाई इकबाल कासकर की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। इकबाल कासकर को प्रवर्तन निदेशालय की कस्टडी में भेज दिया गया है। ईडी इकबाल कासकर को ठाणे जेल से लेकर रवाना हो गई है। आज कासकर को ईडी मुंबई के विशेष पीएमएलए कोर्ट में पेश करेगी।
स्थानीय अदालत ने प्रवर्तन निदेशालय द्वारा दर्ज धन शोधन के एक मामले में इकबाल कासकर के खिलाफ बुधवार को पेशी वारंट जारी किया था। पेशी वारंट जारी करते हुए विशेष न्यायाधीश एमजी देशपांडे ने कहा था कि आरोपी को शहर से यहां लाने और 18 फरवरी को अदालत के समक्ष पेश करने की पूरी व्यवस्था ईडी द्वारा की जाएगी। अदालत ने कहा कि जांच एजेंसी रंगदारी के मामलों में उसे फिर से वापस भी भेजेगी।
कासकर से पूछताछ करने की ईडी इस पहल से एक दिन पहले ही एजेंसी ने अंडरवर्ल्ड में धन के लेनदेन, अवैध संपत्ति सौदों और हवाला लेनदेन से जुड़े धन शोधन के एक मामले की जांच के संबंध में मुंबई में कई जगहों की तलाशी ली थी। एजेंसी ने 10 जगहों की तलाशी ली थी जिनमें 1993 मुंबई विस्फोटों के सरगना दाउद इब्राहिम की बहन दिवंगत हसीना पारकर और गैंगस्टर छोटा शकील के रिश्तेदार से जुड़े परिसर भी शामिल हैं। यह कार्रवाई धन शोधन निषेध कानून के तहत की गई है। ईडी का यह मामला हाल ही में राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण द्वारा दर्ज प्राथमिकी पर आधारित है। एनआई ने यूएपीए के तहत मामला दर्ज किया है।

