- परिजनों ने जताई तंत्र क्रिया की आशंका, पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
जनवाणी संवाददाता |
सरूरपुर: जैनपुर गांव से गत छह फरवरी से लापता दो वर्षीय मासूम का शव गुरुवार को गांव के ही तालाब में सड़ी-गली अवस्था में मिला। तालाब की सफाई के दौरान मिले मासूम के शव को लेकर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
क्या था मामला
गौरतलब है कि थाना क्षेत्र के गांव जैनपुर निवासी नदीम पुत्र इस्लाम के यहां उसका दो वर्षीय भांजा जकी पुत्र अफरीद गांव बरारी थाना अहमदगढ़ जिला बुलंदशहर आया हुआ था। इस दौरान गत छह फरवरी को घर के बाहर खेलते समय लापता हो गया था। अनहोनी की आशंका जताते हुए परिजनों ने आसपास के गांव में खोजबीन के बाद बच्चे को अगवा करने की एफआईआर दर्ज कराई थी।
अब क्या हुआ?
बुधवार को परिजनों ने एक बार फिर से घर के पीछे कब्रिस्तान के पास स्थित तालाब की सफाई करने की ठानी। जिसके बाद गुरुवार को लापता बच्चे जकी के मामा नदीम जेसीबी से तालाब की सफाई करवा रहे थे। इस दौरान बच्चा तालाब में घास पर औंधे मुंह पड़ा हुआ मिला। जिसकी आंख और चेहरे का कुछ हिस्सा और एक कान गायब था। एक पैर में चप्पल थी, जबकि दूसरी चप्पल पास के दूसरे तालाब में पड़ी मिली।

परिजनों ने बताया कि जिन कपड़ों को पहनकर बच्चा लापता हुआ था। उन्हीं कपड़ों में मृत पाया गया। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और बच्चे के शव को कब्जे में लेते हुए पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अखिलेश गौड़ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
तंत्र क्रिया की जताई आशंका
बच्चे जकी के मामा और मुकदमे के वादी नदीम पुत्र इस्लाम ने बताया कि लगभग 15 दिन पहले गांव के पीछे स्थित तालाब के पास कब्रिस्तान में एक व्यक्ति रात के समय तंत्र क्रिया कर रहा था। इस दौरान जैसे ही उन्हें सूचना मिली तो उसकी घेराबंदी कर पकड़ने की कोशिश की गई, लेकिन वह मौके से भाग खड़ा हुआ था। परिजनों ने तंत्र क्रिया की आशंका जताते हुए बताया कि बच्चा दो माह से लापता था, लेकिन शव की हालत देखकर लग रहा है कि लगभग 15 दिन पहले ही उसकी हत्या कर यहां शव फेंका गया है।
युवक की तलाश में पीएसी की टीम ने की सर्चिंग
सरधना: गृह-क्लेश के चलते गंगनहर में कूदे युवक का तीन दिन बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका है। गुरुवार को भी पीएसी की टीम व गोताखोर दिनभर गंगनहर की सर्चिंग करते रहे। पूरे दिन गंगनहर की खाक छानने के बाद सफलता नहीं मिल सकी।
गौरतलब है कि कमरानवाबान मोहल्ला निवासी वसीम अब्बासी कार चालक था। तीन दिन पूर्व किसी बात को लेकर परिवार में उसका झगड़ा हो गया था। गृह-क्लेश के चलते युवक तनाव में चल रहा था। इस कारण युवक ने आत्महत्या करने का मन बना लिया। तीन दिन पूर्व युवक बाइक सवार होकर गंगनहर पर पहुंचा था। बाइक पुल के पास खड़ी करके युवक गंगनहर में कूद गया था।
तभी से पीएसी की टीम व गोताखोर युवक की तलाश में लगे हुए हैं। मगर उसका कुछ पता नहीं चल पा रहा है। गुरुवार को भी पीएसी की टीम दिनभर गंगनहर में सर्चिंग करती रही। गंगनहर की खाक छानने के बाद भी कोई सफलता नहीं मिल सकी। वहीं युवक के परिजन भी गंगनहर पर डटे रहे। युवक के गंगनहर में कूदने के बाद से उसके परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
जंगल में मिले युवती के शव की नहीं हो सकी शिनाख्त
सरधना: गंगनहर पटरी के निकट और दबथुवा गांव के जंगल में मिले दो शवों की पहचान कराना पुलिस के लिए चुनौती बन गया है। बीते बुधवार को दबथुवा गांव के जंगल में चकरोड पर एक युवती का शव पड़ा हुआ मिला था। जिसके सिर को र्इंट से कुचला गया था। इसके अलावा गले में दुपट्टे से फंदा लगाया गया था। जंगल में ही युवती की हत्या की गई थी।
मौके पर खून से सनी र्इंट भी पुलिस को मिली थी। मगर शव की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। पुलिस ने आसपास के जिलों में शव की फोटो भेजी थी। मगर इसके बाद भी कुछ पता नहीं चल सका। अब पुलिस ने उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा आसपास के राज्यों में शव के फोटो भेजे हैं। ताकि किसी तरह शव की पहचान हो सके। कुल मिलाकर दो दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं।
वहीं इसे पहले गंगनहर पटरी किनारे मिले गोली लगे युवक के शव की भी आज तक पहचान नहीं हो सकी है। जो पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। इस संबंध में इंस्पेक्टर प्रताप सिंह का कहना है कि शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। आसपास के राज्यों में भी सूचना भेजी गई है। मामले की जांच की जा रही है।
रजवाहे में मिला चार दिन से गायब अधेड़ का शव
सरधना: क्षेत्र के रार्धना गांव से 4 दिन पूर्व गायब हुए एक अधेड़ का शव गुरुवार को बंद पड़े रजवाहे में पड़ा मिला। ग्रामीणों ने शव देखा तो हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं अधेड़ की मौत से उसके परिजनों में कोहराम मच गया।
कोतवाली क्षेत्र के रार्धना गांव निवासी 50 वर्षीय प्रदीप पुत्र रामशरण बीती 24 मार्च को संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गया था। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चल सका था। पीड़ित परिजनों ने कोतवाली में उसकी गुशुदगी दर्ज कराई थी। गुरुवार को कुछ किसान जंगल से गुजर रहे थे।
इस दौरान उन्होंने देखा कि बंद पड़े रजवाहे में किसी का शव पड़ा है। उन्होंने शव की सूचना गांव में कर दी। सूचना मिलते ही काफी ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने शव की शिनाख्त प्रदीप के रूप में की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं, प्रदीप की मौत से उसके परिजनों में कोहराम मच गया। इस संबंध में इंस्पेक्टर प्रताप सिंह का कहना है कि रजवाहे में प्रदीप का शव मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार मौत का कारण पानी में डूबना आया है। मामले की जांच की जा रही है।

