- 35 वर्षों से सन्यासी का जीवन जी रहा था मृतक
जनवाणी संवाददाता |
चांदपुर: पहाड़पुर में हुई साधु की हत्या मामले में मृतक के पुत्र ने अज्ञात बदमाशों पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए स्थानीय कोतवाली में तहरीर दे दी है। मृतक नूरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अस्करीपुर का रहने वाला था औऱ 35 वर्षो से सन्यासी का जीवन व्यतीत कर रहा था।
स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पहाड़पुर में गांव के बाहर स्थित पिंडदान स्थल पर बने मंदिर में पांच दिन पूर्व रहने आए साधु की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
साधु जिस तख्त पर सोया था उसके पास ही साधू का शव लहूलुहान हालत में फर्श पर पड़ा मिला। साधु की मौत की खबर से क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। ग्रामीण इसे हत्या का मामला बता रहे थे।
पुलिस ने साधू की हत्या से इंकार करते हुए तख्त से गिरकर मौत होने की बात कहते हुए शव को कब्जे में लेकर अन्तःपरीक्षण के लिए भेज दिया था।
घटना के सूचना मिलने पर दोपहर के समय स्थानीय कोतवाली पहुंचे मृतक साधू के पुत्र वीरेंद्र सिंह ने अज्ञात बदमाशों पर उसके पिता की हत्या करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दे दी है।
वीरेंद्र सिंह ने बताया कि वह मूलरुप से नूरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अस्करीपुर के रहने बाले है । उसके पिता ने 35 वर्ष पूर्व शांतिकुंज से दीक्षा के लेकर नामदान कर दिया था।
तभी से वह मंदिरों पर रहकर अपनी गुजर-बसर करते थे। पांच दिन पूर्व ही वह पहाड़पुर में बने मंदिर पर रहने आए थे। गुरुवार को उन्हें सूचना मिली कि उनके पिता की हत्या कर दी गई है। उन्होंने पुलिस द्वारा गिरकर मौत होने की बताई जा रही कहानी को गलत बताते हुए हत्या की रिपोर्ट दर्ज किये जाने के लिए तहरीर सौंप दी है।

