- मोबाइल बंद आने पर युवक की तलाश में निकले परिजन
- मंडावली थाना क्षेत्र में लावारिस मिला वाहन, गुमशुदगी दर्ज
जनवाणी ब्यूरो |
नजीबाबाद: मुरादाबाद से किराए का कमरा छोड़कर अपने घर देहरादून लौट रहा युवक रास्ते में लापता होने के बाद परिजनों में हड़कंप मचा हुआ है। उसका मोबाइल बंद मिलने पर परिजनों ने तलाश की तो परिजनों को उसका घरेलू सामान लदा वाहन थाना मंडावली क्षेत्र में खड़ा मिला जिस पर और युवक के न मिल पाने पर उसके भाई ने गुमशुदगी दर्ज करायी है।
शुक्रवार को युवक सचिन चौधरी 006 जलवायु विहार. झाझरा, प्रेम नगर, देहरादून ने थाना मंडावली पहुंचकर तहरीर देते हुए अपने भाई के घर लौटने के दौरान अचानक गायब हो जाने की तहरीर दी है। तहरीर में उसने कहा है कि उसका भाई रोहित चौधरी (28 वर्ष) पुत्र धर्मपाल सिंह मुरादाबाद में रहता था।
बुधवार नौ सितम्बर को अपराह्न डेढ़ बजे वह अपना मुरादाबाद का किराए का कमरा खाली कर सामान अपने मैक्स पिकअप वाहन में लादकर घर के लिए निकला था। शाम करीब पौने आठ बजे उसकी अपने भाई से फोन पर बात हुयी थी। उसने चिड़ियापुर के आसपास पहुंचने तथा थका होने की बात कहते हुए नहाकर आराम करने के बाद चलने के लिए कहा था। उसके बाद से उनकी अपने भाई से फोन पर कुछ बात नहीं हुई और न ही वह घर पहुंचा।
जिस पर परिजन उसकी खोज में निकले। खोजबीन के दौरान कोटावाली नदी के पास उसकी मैक्स पिकअप संख्या यूपी 81 सीटी-7883 खड़ी मिली। काफी खोजने के बावजूद भाई रोहित चौधरी का कहीं पता नहीं चल सका है। मंडावली पुलिस ने सचिन चौधरी की ओर से दी गयी तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एसआई मुकेश कुमार कर रहे हैं।

