जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 15 दिसंबर को दो दिवसीय दौरे पर पंजाब आएंगे।
अपने दौरे के पहले दिन केजरीवाल जालंधर में तिरंगा मार्च का नेतृत्व करेंगे। वहीं दूसरे दिन लंबी निर्वाचन क्षेत्र में बादल परिवार को चुनौती देंगे। मंगलवार को इसकी जानकारी आप पंजाब के अध्यक्ष और सांसद भगवंत मान ने मीडिया को दी।
मान ने कहा कि बुधवार को केजरीवाल जालंधर में पार्टी की तिरंगा यात्रा कार्यक्रम में शामिल होंगे। तिरंगा यात्रा सुबह 11 बजे जालंधर के निगम चौक से शुरू होकर विभिन्न बाजारों से गुजरेगी।
मान ने अरविंद केजरीवाल को यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया था और मंगलवार को अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि 15 दिसंबर को वह जालंधर में तिरंगा यात्रा में शामिल होंगे।
उन्होंने जालंधर वासियों से आग्रह किया है कि अधिक से अधिक संख्या में आएं और हाथ में तिरंगा और भारत माता की जय के साथ देशभक्ति के माहौल में जालंधर की सड़कों पर तिरंगा जुलूस में शामिल हों।
वहीं गुरुवार 16 दिसंबर को अरविंद केजरीवाल लंबी विधानसभा क्षेत्र पहुंचेंगे और इस निर्वाचन क्षेत्र के गांव खुडिया में एक जनसभा को संबोधित कर बादल परिवार को चुनौती देंगे।

