- दो माह में छह बार दिल्ली पुलिस दे चुकी कबाड़ियों की तलाश में दबिश
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: सदर बाजार थाना क्षेत्र का सोतीगंज इलाका एक बार फिर से चर्चा में है। इस बार भी चर्चा पुलिस छापों को लेकर ज्यादा है। बुधवार को भी यहां दिल्ली क्राइम ब्रांच ने दबिश दी। दिल्ली क्राइम ब्रांच की एक टीम ने यहां जनसुविधा केंद्र चलाने वाले एक शख्स की दुकान पर पहुंची। करीब तीन घंटे क्राइम ब्रांच वाले कार्रवाई करते रहे। इसके बाद कुछ कबाड़ियों के घर दबिश भी डाली, लेकिन सदर बाजार पुलिस को भनक तक नहीं लगी। बाद में पुलिस खाली हाथ लौट गई।
पिछले दो माह में दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम पांच से छह बार सोतीगंज में दबिश दे चुकी है। बुधवार को भी टीम ने यहां एक दुकान पर दबिश दी और उसके संचालिक को हिरासत में ले लिया। पहले टीम ने मीडिया से दूरी बनाई, लेकिन फिर नाम न सार्वजनिक करने की शर्त पर बताया कि इस दुकान से आॅनलाइन लेन-देन का काम किया जाता है। दिल्ली पुलिस ने कुछ वाहन चोरों को पिछले दिनों दबोचा था। उसका सीधा संपर्क सोतीगंज के कबाड़ियों से निकलकर आया है। महत्वपूर्ण बात यह है कि यहां से करीब 450 से ज्यादा बार कुछ खातों में रकम ट्रांसफर की गई है। यह सभी एकाउंट वाहन चोर गिरोह के सदस्यों व कुछ कबाड़ियों के हैं।
उन्होंने आॅनलाइन रुपये करने वाले से करीब तीन घंटे पूछताछ की और उसका पेटीएम, गूगल पेय समेत आॅनलाइन पेयमेंट से जुड़ी सभी आईडी की जानकारी एकत्र कर ली। इसके बाद टीम ने कुछ कबाड़ियों के घर पर सोतीगंज में दबिश दी लेकिन वह हाथ नहीं लग पाए। करीब तीन घंटे यहां रुकने के बाद टीम दोबारा आने की बात कहकर लौट गई। एसओ शशांक द्विवेदी का कहना है कि दिल्ली क्राइम ब्रांच यहां आई थी, उनके पास जानकारी नहीं है। दरअसल, टीम ने आमद दर्ज नहीं कराई थी। इसलिए थाना पुलिस के पास इससे जुड़ी कोई जानकारी नहीं है।
पुलिस की तत्परता से करोड़ों की दवाइयों से भरा ट्रक लुटने से बचा
जानीखुर्द: बुधवार को गंगनहर पटरी पर बाइक सवार बदमाशों ने करोड़ों रुपये की दवाइयों से भरे ट्रक की लूट की घटना को अंजाम देने का प्रयास किया। लूट की सूचना पर पहुंची पुलिस और ट्रक के चालक-परिचालक ने बदमाशों की योजना को विफल कर दिया। सहारनपुर जनपद के रायपुर मिर्जापुर निवासी सनाउल्लाह पुत्र इशाक मंगलवार को हिमाचल प्रदेश के पोंटा साहिब की टीएस लोजिस्टिक दवाई की कंपनी के करोड़ों रुपये की लागत से भरा एक ट्रक लेकर गाजियाबाद के लिए चला था। चालक ट्रक को बुधवार सुबह करीब साढ़े छह बजे के करीब जानी गंगनहर पुल के पास पहुंचा ही था कि चालक को गाड़ी से माल के कार्टून सड़क पर गिरते दिखाई दिये।
चालक ने ट्रक को साइड में खड़ा कर पीछे आकर देखा तो बदमाश गाड़ी की तिरपाल काटकर दवाइयों लूट रहे थे। चालक सनाउल्लाह व परिचालक सोनू बदमाशों से भिड़ गये। इस पर बदमाशों ने दोनों पर चाकू से हमला कर दिया। लूट की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पंकज सिंह मयफोर्स तत्काल मौके पर पहुंचे तो बदमाश बाइक लेकर फरार हो गए। पुलिस ने पीछा किया, लेकिन हत्थे नहीं चढ़ पाए। बाद में उनकी बाइक जंगल में मिली। इस तरह से चालक-परिचालक के साहस और पुलिस की तत्परता से बड़ी लूट की घटना टल गई। हालांकि बदमाशों से भिड़ने के चलते चालक-परिचालक घायल हो गए।
एसी का सामान चोरी करते रंगेहाथों दबोचा
मेरठ: पीएल शर्मा रोड इलाके में एक बदमाश को एसी का सामान चोरी करते हुए भीड़ ने दबोच कर लालकुर्ती पुलिस को सौंप दिया। पीएल शर्मा रोड व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष वरदान मलिक ने इस मामले में काफी भागदौड़ की। उन्होंने बताया कि हरिप्रिया अपार्टमेंट गीता कालोनी तिलक रोड में राजीव गुप्ता रहते हैं। बुधवार शाम एक युवक अपार्टमेंट की छत पर चढ़ गया और वहां लगी एसी की आउटडोर को खोलकर उसमें से सामान चोरी करने लगा। तभी किसी ने युवक को देख लिया और शोर मचा दिया। पीएल शर्मा रोड व्यापार संघ के उपाध्यक्ष वरदान चौधरी वहां पहुंच गए
और उन्होंने आरोपी युवक को दबोच लिया। व्यापारियों की भीड़ जमा हो गयी। उन्होंने उसकी जमकर खबर ली और फिर पुलिस को बुला लिया। चौकी इंचार्ज महेंद्र सिंह आ गये और आरोपी को पकड़कर थाने ले आये। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अस्मित निवासी आदर्श कालोनी बताया। इंस्पेक्टर लालकुर्ती संतोष कुमार का कहना है कि एसी के मालिक ने तहरीर दी है, जिसके आधार पर कार्रवाई की जा रही है। कुछ लोग समझौते का प्रयास कर रहे हैं। अगर समझौता नहीं होता है तो पुलिस मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करेगी। आरोपी खुद को छात्र बता रहा है। उसने जो जानकारी दी है, उसकी भी पुष्टि कराई जा रही है।
पीएल शर्मा रोड पर बेकरी में बवाल
मेरठ: पीएल शर्मा रोड स्थित एक बेकरी में बुधवार को जमकर बवाल, हंगामा व मारपीट हुई। मारपीट में एक की हालत नाजुक बनी हुई है। बवाल के दौरान वहां पूरा बाजार जमा हो गया। किसी प्रकार मामले को लोगों की मदद से शांत कराया जा सका। हंगामे की वजह मोबाइल बताया जा रहा है। लालकुर्ती थाना के पीएल शर्मा रोड स्थित किंग बेकरी पर बुलंदशहर निवासी दिव्यांग कैलाश भी काम करता है। बुधवार को कैलाश मोबाइल पर गाने सुन रहा था। इस दौरान उसके साथ काम करने वाले कुछ अन्य कारीगरों ने तेज आवाज गाने बजाने का आरोप लगाकर उसके साथ गाली-गलौज और फिर मारपीट कर दी। देखते ही देखते लात-घूंसे चलने लगे।
आरोप है कि इसी दौरान एक कारीगर ने बेलन उठाकर कैलाश के सिर पर वार कर दिया। कैलाश का सिर फूट गया और खून निकलने लगा। सूचना पाकर दुकान स्वामी वहां आ गए और उन्होंने तुरन्त कैलाश को जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती करा दिया। यहां कैलाश के सिर में 12 टांके आए। सूचना पाकर पुलिस भी पहुंच गयी। पुलिस को जानकारी देते हुए कैलाश ने बताया कि तीनों हमलावर अक्सर उससे अभद्रता करते हैं और उसके दिव्यांग होने का मजाक उड़ाते हैं। उसने विरोध किया तो हमला कर दिया। इंस्पेक्टर लालकुर्ती संतोष कुमार ने बताया कि कैलाश ने तीन युवकों के खिलाफ तहरीर दी है, जिसके आधार पर मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

