- कांग्रेस जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में डीएम को सौंपा ज्ञापन
जनवाणी संवाददाता |
शामली: जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक सैनी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और मछुआ समुदाय के लोगों ने डीएम जसजीत कौर को एक ज्ञापन सौंपा। जिसमें बताया गया। कि जनपद में मत्स्य पालन के लिए मछुआ समुदाय को आवंटित अधिकांश तालाबों पर मत्स्य माफियाओं द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया है। उक्त माफिया अशिक्षित कश्यप समाज के लोगों को डराते धमकाते रहते हैं।
इस काम में पुलिस प्रशासन, तहसील प्रशासन व मत्स्य माफियाओं की मिलीभगत से होने का भी आरोप लगाया। मत्स्य माफिया गरीब लोगों को कर्ज के जाल में फंसाकर उनका उत्पीड़न करते हैं और जब मछुआ समुदाय कर्ज के बोझ के तले दब जाता है तो उनके तालाबों पर कब्जा करते हैं। कई बार तो मछुआ समुदाय के लोगों को पता भी नहीं चल पाता कि उनके नाम पर तालाब आवंटित है।
सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मछुआ समुदाय के बजाय मत्स्य माफिया उठा रहे हैं। उन्होंने डीएम से जनपद में मछुआ समुदाय को आवंटित तालाबों से मत्स्य माफियाओं का कब्जा हटवाकर मछुआ समुदाय की सहायता की मांग की।
इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष दीपक सैनी, शेखरपाल, प्रवीण तरार, राजेश कश्यप, अनुज गौम, संदीप शर्मा, रामकिशोर, अरविन्द झंझोट, निन्ना अंसारी आदि भी मौजूद रहे।

