जनवाणी ब्यूरो |
शामली: सोमवार को युवा किसान नेता राजन जावला के नेतृत्व में कुछ युवा किसान कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने कलक्ट्रेट पर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान राजन जावला ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने वादा किया था कि वह किसानों का गन्ना भुगतान 14 दिन के भीतर करेगी।
साथ ही, भुगतान न करने पर चीनी मिलों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी लेकिन किसानों को सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी 14 दिनों के भीतर नहीं किया जा रहा है। इस दौरान एसडीएम शामली संदीप कुमार को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित 5 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में डीजल-पेट्रोल और रसोई गैस के दामों में हुई अप्रत्याशित वृद्धि को कम किए जाने की मांग की गई है। साथ ही, बिजली के बिलों को कम करने और रात के समय में बिजली विभाग द्वारा छापेमारी किए जाने पर अंकुश लगाए जाने की मांग की गई है।
रात को छापेमारी के दौरान कानून व्यवस्था भंग होने का अंदेशा जताया गया है। ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त है इसलिए प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लागू किया जाए। साथ ही, ग्रामीण क्षेत्रों में वैक्सीन के टीके लगाए जाएं जिससे गांव देहात के लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
ज्ञापन सौंपने वालों में राजन जावला के अलावा पंकज सरोहा, विशाल, सुरेश प्रधान, हरपाल, शैलेश कुमार, बबलू, प्रांशु, सागर राणा, आयुष राणा, आर्य चौधरी, सागर चौधरी आदि शामिल रहे।

