नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। इस साल बॉलीवुड के ही-मैन धर्मेंद्र का 90वां जन्मदिन 08 दिसंबर को मनाया जाना था, और देओल परिवार इसे भव्य अंदाज में सेलिब्रेट करने की तैयारियों में जुटा था। हालांकि, वक्त और किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। जन्मदिन से कुछ ही दिन पहले ही धर्मेंद्र का निधन हो गया, जिससे परिवार और फैंस दोनों की खुशी गम में बदल गई। देओल परिवार अब इस अवसर को यादगार और सम्मानजनक तरीके से श्रद्धांजलि के रूप में मनाने की योजना बना रहा है।
अभिनेता धर्मेंद्र का 90वां जन्मदिन इस साल उनके खंडाला स्थित फार्महाउस पर मनाया जाएगा। उनके बेटे सनी देओल और बॉबी देओल इस खास दिन को शानदार और यादगार बनाने की तैयारी में हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस जश्न में धर्मेंद्र के फैंस को भी शामिल किया जाएगा, ताकि उनके चाहने वाले इस अवसर को करीब से महसूस कर सकें। खबर के मुताबिक, सनी और बॉबी ने जन्मदिन को खूबसूरत अंदाज में मनाने का फैसला किया है।
खंडाला स्थित फार्महाउस पर होगा आयोजन
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सनी देओल और बॉबी देओल ने परिवार के सदस्यों के साथ धर्मेंद्र के 90वें जन्मदिन पर उनकी विरासत को श्रद्धांजलि देने के रूप में सेलिब्रेट करने की तैयारी की है। आयोजन अभिनेता के खंडाला स्थित फार्महाउस पर होगा। इस दिन को खास बनाने के लिए फैंस को भी शामिल किया जाएगा। इस दिन फार्महाउस के दरवाजे फैंस के लिए खुलेंगे।
आयोजन की तैयारियां शुरू
अभिनेता धर्मेंद्र के निधन के बाद फैंस उनके अंतिम दर्शन नहीं कर पाए। परिवार ने जल्दबाजी में सीक्रेट तरीके से उनका अंतिम संस्कार किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक देओल परिवार ने इस पर विचार किया है कि कई फैंस चाहते थे कि उन्हें धर्मेंद्र से आखिरी बार मिलने या उन्हें देखने का मौका मिले। इसलिए, दिग्गज एक्टर की 90वीं बर्थ एनिवर्सरी पर उन्होंने उन फैंस के लिए फार्महाउस के गेट खोलने का फैसला किया है, जो आना चाहते हैं, उन्हें श्रद्धांजलि देना चाहते हैं और परिवार से मिलना चाहते हैं’। सादगी के साथ इवेंट के आयोजन की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। बता दें कि बीते वर्ष धर्मेंद्र के 89वें जन्मदिन को भी फैमिली ने खास तरीके से सेलिब्रेट किया था। इस दौरान कई फैंस भी धर्मेंद्र से मिलने पहुंचे थे।

