जनवाणी संवाददाता |
शामली: शहर में अघोषित विद्युत कटौती, लो वोल्टेज और तार टूटने की समस्याओं को लेकर सभासद के नेतृत्व में मोहल्लेवासियों ने सिटी बिजलीघर पर धरना प्रदर्शन किया। एसडीओ के समस्याओं के आश्वासन पर धरना समाप्त किया गया।
शामली शहर के सरवरपीर, पंसरियान, हवाई हट्टा, अजुध्या चौक, दयानंद नगर, अटल विहार, गोशाला रोड, राजो मोहल्ला, नंदू प्रसाद समेत विभिन्न मोहल्लों में अघोषित विद्युत कटौती, लो वोल्टेज और आए दिन तार टूटने की समस्याएं हो रही हैं, जिसके कारण लोगों को भीषण गर्मी और पेयजल की समस्या से जूझना पड़ रहा है।
शनिवार की सुबह वार्ड 23 से सभासद निशिकांत संगल के नेतृत्व में कई मोहल्लों के लोगों ने शामली सिटी बिजलीघर पर धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने समस्या का समाधान नहीं होने पर अनिश्चित धरना करने की चेतावनी दी।
धरने पर पहुंचे एसडीओ सिटी अब्बास काजमी ने शाम तक अवर अभियंता को भेजकर समस्याओं का जायजा लेते हुए समाधान का आश्वासन दिया। जिस पर धरना समाप्त कर दिया गया।