- दोनों पक्ष दो फीट की बाउंड्री वाल, फुलवारी पर सहमत
जनवाणी संवाददाता |
कांधला: कस्बे के मौहल्ला खैल में पालिका शिवा पंपिंग स्टेशन के निकट नगरपालिका की खाली भूमि पड़ी हुई है। उक्त भूमि पर सैकड़ों सालों से होलिका दहन होता आ रहा है। उक्त भूमि को लेकर जहां हिन्दू समाज के लोगों अपनी धार्मिक आस्था से जुडा मानते थे तो दूसरा समाज उस भूमि पर अपना मालिकाना हक जताता था। उक्त भूमि को लेकर दो समुदाय के लोगों में हर वर्ष तनाव की स्थिति बनी रहती थी।
जिसे लेकर कई बार प्रशासनिक अधिकारियों से कार्यवाही की मांग की जा चुकी थी। कई दिन पूर्व न्यायिक मजिस्ट्रेट निकिता शर्मा ने मौके पर पहुंचकर दोनों समुदाय के लोगों की बैठक ली थी। बैठक में दोनों समुदायों की रजामंदी के चलते होलिका दहन स्थल के चारों ओर बाउंड्री वाल का निर्णय लिया गया। शुक्रवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट ने पालिका प्रशासन व राजस्व विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचकर दोनों समुदाय के लोगों को मौके पर बुलाया।
न्यायिक मजिस्ट्रेट ने दोनों समुदाय के लोगों से एक शपथ पत्र लिया। शपथ पत्र में उक्त भूमि पर 2 फुट की बाउंड्री वाल व एक गेट जिसमें केवल व्यक्तियों के आने जाने का रास्ते का निर्माण किया जाए एवं उसके अंदर बैठने की बेंच एवं फुलवारी लगाई जाए। दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हो गए। जिसके चलते वर्षों से चला आ रहे विवाद का पटाक्षेप हो गया।
न्यायिक मजिस्ट्रेट निकिता के द्वारा उक्त विवाद का निस्तारण कराए जाने पर कस्बे में न्यायिक मजिस्ट्रेट की भूरी भूरी प्रशंसा हो रही है। इस दौरान राजस्व विभाग की टीम से कानूनगो अंकित तोमर व लेखपाल लवकेश कुमार, नगर पालिका प्रशासन व पुलिस बल मौजूद रहा।

