- सीडीओ व जिला समाज कल्याण अधिकारी ने ठंड से बचने के लिए वितरित किए कंबल
जनवाणी संवाददाता |
अमीनगर सराय: सिंघावली अहीर गांव में बने वृद्धाश्रम में कंबल व फल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वहां पर सीडीओ व जिला समाज कल्याण अधिकारी ने पहुंचकर ठंड से बचने के लिए वृद्धों को कंबल का वितरण किया। साथ ही उन्हें फल भी दिए और उनसे यहां मिलने वाली सुविधा के बारे में जानकारी ली।
सिंघावली अहीर गांव स्थित समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित आवासीय वृद्धाश्रम में निराश्रित लोगों को सीडीओ अभिराम त्रिवेदी ने फल एवं कंबल वितरित किये। उन्होंने कहा कि मानव सेवा से बढ़कर कोई कार्य नहीं है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को ऐसे लोगों की मदद करनी चाहिए।
जिला समाज कल्याण अधिकारी विमल ढाका ने कहा कि निराश्रित व्यक्ति की सेवा करना समाज के प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है और विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को लाभ पात्र व्यक्ति को मिलेगा। उनका पूरा प्रयास है कि वृद्धाश्रम में रहने वाले वृद्धों को सरकार की सभी सुविधा उपलब्ध करायी जाए।
इस दौरान श्री कृष्णा कॉलेज के चेयरमैन रोहित यादव, मूलचंद शर्मा, विक्रम त्यागी, विमल ढाका, मुकेश ढाका, वृद्धाश्रम की अधीक्षिका करुणा, एवं केयर टेकर जितेंद्र शर्मा भी मौजूद रहे।

