- सीडीओ ने अनुशासन हीनता, कार्य में बाधा पहुंचाने, कर्मचारियों को भड़काने में किया निलंबित
- पंचायत सचिवों व वीडीओ ने अध्यक्ष को बहाल न करने तक धरना जारी रखने की दी चेतावनी
जनवाणी संवाददाता |
बागपत: जिला समन्वय समिति के अध्यक्ष को सीडीओ ने अनुशासन हिनता, कार्य में बाधा पहुंचाने, कर्मचारियों को भड़काने के मामले में निलंबित कर दिया है और जांच बैठा दी है। इसका पता चलते ही सचिवों ने बागपत व पिलाना ब्लॉक पर धरना दिया और चेतावनी दी कि इस तरह की कार्रवाई को सहन नहीं किया जाएगा। जब तक अध्यक्ष को बहाल नहीं कर दिया जाता वह धरना जारी रखेंगे और किसी भी तरह के कार्य को नहीं किया जाएगा। यदि जरूरत पड़ी तो विकास भवन में धरना शुरू कर दिया जाएगा।
विकास भवन सभागार में विकास कार्यों की बैठक का बहिष्कार कराना जिला समन्वय समिति अध्यक्ष प्रमोद शर्मा को महंगा पड़ गया। जिसके बाद सीडीओ रंजित सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रमोद शर्मा को अनुशासन हिनता, सरकारी कार्य में बाधा पैदा करने, शासकीय कार्य न करने के लिए भडकाना, बेवजह धरना पर बैठना के मामले में निलंबित करते हुए जांच बैठा दी है।
इसका पता चलते ही सचिवों व वीडीओ में आक्रोश फैल गया है। बागपत व पिलाना ब्लॉक में सचिवों ने सीडीओ के खिलाफ धरना दिया। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष को निलंबित करके उनके अधिकारों का हनन करने का कार्य किया गया है। यदि निलंबित करना था तो सभी को करना चाहिए था, लेकिन एक को ही क्यों किया। इस तरह की हठधर्मिता को वह किसी भी कीमत पर सहन नहीं करेंगे।
यदि जल्द ही प्रमोद शर्मा को बहाल नहीं किया गया तो वह आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगे और जरूरत पड़ी तो विकास भवन में धरना शुरू कर एक बार फिर आंदोलन का बिगुल बजाया जाएगा। इस मौके पर जोनी चौधरी, सुनील बंसल, संजय खोखर, शान मौहम्मद, सुनील कुमार, रवि कुमार, उपदेश आदि मौजूद रहे।

