जनवाणी ब्यूरो |
लखनऊ: मंडलायुक्त डॉ रौशन जैकब की अध्यक्षता में मंगलवार को स्मार्ट सिटी को लेकर बैठक हुई। बैठक में कमिश्नर रौशन जैकब ने चल रहे कामों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिना किसी देर किए शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर व नये प्रोफेशनल संस्थाओं को लाने के लिए टेण्डरिंग व्यवस्था करा लिया जाए।
इससे शहर की सफाई व्यवस्था अच्छे तरीके से होती दिखे। उन्होंने कहा कि जो सड़के पैसे के आभाव के कारण अर्द्ध निर्मित रह गई थी उन कार्यों को एयर क्वालिटी मद 77 करोड़ से सड़कों के कार्य प्राथमिकता पर कराया जाए। उन्होंने सड़कों के निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के भी निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने कहा कि कूड़ा प्रबन्धन, ड्रेनेज, साफ-सफाई की टेंडरिंग के काम को प्राथमिकता से कराया जाना चाहिए। इस दौरान तय किया गया कि 30 आरसी वाहन 30, एक सुपर सकर मशीन, 8 लोडर वाहन, 50 हॉपर टिपर डम्पर वाहनों की ख़रीददारी की जाएगी।
इस दौरान कलेक्ट्रेट में बन रहे मल्टीलेवल पार्किंग की प्रगति रिपोर्ट, जलकल विभाग द्वारा चैम्बर शिफ्टिंग की स्थिति की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली गई। अधिकारी द्वारा बताया गया कि चैम्बर शिफ्टिंग का कार्य करा लिया गया है। बैठक में मुख्य रूप से इन्द्रजीत सिंह, अपर आयुक्त प्रशासन रणविजय यादव, अपर आयुक्त न्यायिक शीलधर अपर नगर आयुक्त पंकज सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।

