- बर्मिघम काॅमनवेल्थ गेम्स में ब्राॅन्ज जीतने से परिवार में खुशी का माहौल
- राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री ने भी ट्वीट कर दी दिव्या को शुभकामनाएं
जनवाणी संवाददाता |
मुजफ्फरनगर: जनपद की बेटी दिव्या काकरान ने एक बार फिर जनपद का नाम रोशन किया है। दिव्या काकरान ने बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल जीता है। दिव्या की इस सफलता उसके गांव पुरबालियान में ही नहीं, बल्कि पूरे जनपद के लोगों का सीने गर्व से चैड़ा हो गया है। परिवार में खुशी का माहौल है। देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पीएम नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करके शुभकामनाएं दी हैं।

शुक्रवार देर रात नाईजीरियन पहलवान से हुए मुकाबले के शुरुआती उतार-चढ़ाव के बाद आखिरकार दिव्या काकरान ने बर्मिंघम अखाड़े में अपने आपको साबित कर ही दिया। 68 किग्रा भार वर्ग में दिव्या ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए देश का नाम रोशन किया है। बर्मिंघम कामन वेल्थ गेम्स में दिव्या पहलवान की कुश्ती को लेकर दिन भर गहमा गहमी रही। कुश्ती मैच स्थगित होने से प्रशंसकों की सांसे अटकी रही। मुकाबले शुरू हुए तो प्रशंसक खुश दिखाई दिए महिला कुश्ती के 68 किग्रा भार वर्ग में दिव्या काकरान को पहले मुकाबले में बाई मिल गई थी। लेकिन दूसरे मुकाबले में नाईजीरिया की पहलवान से वो हार गईं। दिव्या के इस मुकाबले में हारने से प्रशंसक काफी मायूस हुए। इसके बाद तीसरा मुकाबला केमरून की पहलवान एन. गिरी से हुआ। जिससे दिव्या को पिन फाल से 2 अंक मिले। इन दो अंकों ने दिव्या को सफलता दिलाई और ब्रॉन्ज मेडल का हकदार बना दिया।

दिव्या के पिता सूरज सेन पहलवान ने कहा कि दिव्या की सफलता पूरे देश की सफलता है जबकि उनके दादा राजेन्द्र सिंह पौती की कामयाबी पर फूले नहीं समा रहे।

