- कॉलेज के इतिहास विभाग के छात्रों ने गत आठ वर्षों में पांचवी बार यूनिवर्सिटी टॉपर किया
जनवाणी संवाददाता |
बड़ौत: दिगंबर जैन कालेज में एमए इतिहास की छात्रा राधा खोखर ने इतिहास विषय में चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी टॉप कर बागपत का नाम रोशन किया।
शनिवार को राधा खोखर के कॉलेज पहुंचने पर इतिहास विभाग के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने मेधावी छात्रा का भव्य स्वागत किया। इतिहास के विभागाध्यक्ष डॉ प्रज्ञान चौधरी ने बताया कि चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी द्वारा जारी मेरिट लिस्ट के अनुसार राधा खोखर पुत्री सतेन्द्र खोखर निवासी छपरौली एमए इतिहास में 84 प्रतिशत अंकों के साथ यूनिवर्सिटी टॉपर बनी हैं।
अब नो मार्च को होने वाले दीक्षांत समारोह में महामहिम राज्यपाल द्वारा कुलपति छात्रा को स्वर्ण पदक से सम्मानित करेंगे। इतिहास विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ शोकेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि यह इतिहास विभाग और कालिज के लिए बड़े गर्व की बात है कि राधा खोखर इतिहास विभाग की लगातार दूसरी और पिछले 8 वर्षों में पांचवीं गोल्ड मेडलिस्ट होंगी ।जिन्होंने यूनिवर्सिटी टॉप करने का गौरव हासिल किया है।
इससे पूर्व इतिहास विभाग के ही विक्रान्त तोमर ने 2013 में नीलम तोमर, 2015 में अंशु मलिक, 2017 में समीर ने 2019 में इतिहास विषय में यूनिवर्सिटी टॉप किया।दीक्षांत समारोह में कुलपति से स्वर्ण पदक प्राप्त किया था। डॉ प्रज्ञान चौधरी ने बताया कि जब से सेमेस्टर सिस्टम लागू हुआ है तब से इतिहास विभाग निरंतर स्नातकोत्तर अध्ययन-अध्यापन की गुणवत्ता को सुधारने में प्रयासरत है।
सही मार्गदर्शन के साथ-साथ विद्यार्थियों को उच्च स्तर की पाठ्य सामग्री भी उपलब्ध कराई जाती है ।जिससे वे बेहतर प्रदर्शन कर पाते हैं। छात्र-छात्राओ को इतिहास के जीवन्त स्वरुप और बुनियादी अवधारणाओं से अवगत कराने के लिए इतिहास विभाग हर वर्ष ऐतिहासिक व पुरातात्विक स्थलों पर शैक्षणिक टूर और गेस्ट लेक्चर आयोजित करता है।
इस अवसर पर डॉ राजीव तेवतिया, डॉ स्नेहवीर सिंह, डॉ अंशु उज्जवल, डॉ कविता अग्रवाल, डॉ अंशु अग्रवाल, डॉ गोविंद बाबू, डॉ केएस सिंह आदि उपस्थित रहे। कॉलेज के प्राचार्य डॉ विरेन्द्र सिंह और कालिज प्रबंधन के संयुक्त सचिव, डीके जैन ने भी मेधावी छात्रा को बधाई दी। पूर्व राज्य मंत्री डॉ कुलदीप उज्जवल ने भी छात्रा का हौसला अफजाई किया और आशीर्वाद दिया।

