- पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की
जनवाणी संवाददाता |
शामली: शहर के विवेक विहार में कुत्ता घुमाने को लेकर दो पक्षों में मामूली कहासुनी के बाद विवाद हो गया। बताते हैं कि इस दौरान हवाई फायरिंग से कॉलोनी में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शामली शहर की विवेक विहार निवासी प्रोपर्टी डीलर पवन का पुत्र अपने कुत्ते को लेकर कॉलोनी में ही घूम रहा था। बताते हैं कि कॉलोनी का ही संजीव कुत्ते द्वारा कॉलोनी में गंदगी करने और बच्चों को काटने का भय बना रहने का आरोप लगाते हुए कुत्ते को सड़क पर नहीं घुमाने की बात कही।
इस मामूली सी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। शोर शराबा सुनकर कॉलोनी के लोगों ने दोनों पक्षों में बीच बचाव कराते हुए उन्हें वापस भेज दिया। आरोप है कि गुरुवार सवेरे पवन अपने साथियों के साथ संजीव के मकान पर पहुंचा और गाली गलौच करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
इस दौरान किसी युवक ने दहशत फैलाने को हवाई फायरिंग कर दी जिससे मोहल्ले में भगदड़ मच गई। सूचना पर थाना आदर्श मंडी पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी वहां से फरार हो चुके थे। पुलिस ने संजीव की तहरीर पर नामजद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

