जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में जारी तनाव और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के चलते निवेशकों का भरोसा कमजोर हो गया है। शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में प्रमुख शेयर बाजार सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में लगभग 1 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। वैश्विक बाजारों में बिकवाली, विदेशी निवेशकों की लगातार निकासी और रुपये की कमजोरी ने भी मंदी के रुझान को तेज किया।
कारोबार के दौरान सेंसेक्स 934 अंक गिरकर 75,100.34 पर आ गया, जबकि निफ्टी 322 अंक गिरकर 23,316.85 पर बंद हुआ। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 708.38 अंक या 0.93 प्रतिशत गिरकर 75,326.04 पर और निफ्टी 222.05 अंक या 0.93 प्रतिशत गिरकर 23,417.10 पर पहुंच गया।
सेंसेक्स कंपनियों की स्थिति
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में लार्सन एंड टुब्रो, टाटा स्टील, इंटरग्लोब एविएशन, अल्ट्राटेक सीमेंट, एचडीएफसी बैंक और टेक महिंद्रा सबसे ज्यादा पीछे रही। वहीं, पावर ग्रिड, हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईटीसी और बजाज फिनसर्व ने लाभ कमाया।
एशियाई बाजारों में भी गिरावट
एशियाई बाजारों में भी दबाव का माहौल रहा। दक्षिण कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्केई 225, शंघाई का एसएसई कंपोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक लाल निशान में कारोबार करते दिखे। गुरुवार को अमेरिकी बाजार में भी भारी गिरावट दर्ज की गई। नैस्डैक कंपोजिट 1.78 प्रतिशत, डाउ जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज 1.56 प्रतिशत और एसएंडपी 500 1.52 प्रतिशत गिर गया।
विशेषज्ञों की राय
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी.के. विजयकुमार ने कहा कि पश्चिम एशियाई संघर्ष और वैश्विक अनिश्चितता के कारण बाजार कमजोर बने हुए हैं। अमेरिकी बाजारों की कमजोरी यह संकेत देती है कि सुधार आने में अभी समय लगेगा। ब्रेंट क्रूड का भाव लगभग 100 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल के आसपास होने से बाजार पर दबाव बना हुआ है। उन्होंने कहा कि विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की लगातार बिकवाली के कारण बड़े ब्लू-चिप शेयर भी दबाव में हैं।
ब्रेंट क्रूड और निवेशकों की गतिविधि
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.07 प्रतिशत बढ़कर 100.5 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार को एफआईआई ने 7,049.87 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 7,449.77 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
गुरुवार को सेंसेक्स 829.29 अंक यानी 1.08 प्रतिशत गिरकर 76,034.42 पर बंद हुआ था। इसी तरह निफ्टी 227.70 अंक यानी 0.95 प्रतिशत गिरकर 23,639.15 पर बंद हुआ।

