जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच दुबई में लगातार दूसरे दिन जोरदार धमाकों की आवाज सुनाई दी। शुक्रवार को हुए धमाकों से शहर की कई इमारतें हिल गईं और मध्य दुबई के आसमान में काले धुएँ का घना गुबार फैल गया। चश्मदीदों के अनुसार, दो बड़े धमाके हुए, जिससे पूरा इलाका दहल गया।
प्रशासन की प्रतिक्रिया
मीडिया ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि सुरक्षा बलों ने हमले को समय रहते रोक लिया। इस कार्रवाई में हमले का मलबा एक इमारत के बाहरी हिस्से पर गिरा। अधिकारियों ने इसे मामूली घटना बताया और कहा कि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
धमाकों के तुरंत बाद शेख जायद रोड पर सायरन बजने लगी और पुलिस ने पूरे इलाके को घेराबंदी में ले लिया। घटना दुबई इंटरनेशनल फाइनेंशियल सेंटर (DIFC) के पास हुई, और धमाके व मलबे से इमारत को काफी नुकसान पहुंचा।
लगातार दूसरे दिन हमला
दुबई में यह लगातार दूसरे दिन ऐसा हादसा है। गुरुवार को भी अल बदा इलाके में ड्रोन से जुड़ी घटना के बाद धमाकों की आवाजें सुनी गई थीं।
28 फरवरी को पश्चिम एशिया में युद्ध शुरू होने के बाद से खाड़ी क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है। ईरान के हमलों की वजह से अब तक इस क्षेत्र में 11 आम नागरिकों की मौत हो चुकी है। दुबई प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

