- सुबह साढ़े चार बजे से सड़कों पर सफाई करना होगा
- सुबह सात बजे स्वयं नगर आयुक्त हाजिरी लेंगे
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: शहर की बदहाल सफाई व्यवस्था को ठीक करने के लिये नगर आयुक्त मनीष बंसल ने सफाई कर्मचारियों को सुबह साढ़े चार बजे घर से निकलने के आदेश कर दिये है ताकि सुबह पांच बजे से नौ बजे तक शहर के हर वार्ड में सफाई हो सके। नगर आयुक्त के इस सख्त आदेश का सफाई कर्मचारी संघ का खुलकर विरोध करते हुए कहा है कि अगर यह आदेश वापस नहीं हुआ तो सड़कों पर उतर कर आंदोलन किया जाएगा।
सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष शिवकुमार नाथ ने बताया कि नगर आयुक्त मनीष बंसल ने कर्मचारियों को परेशान करने के लिये सुबह साढ़े चार बजे से सफाई करने के आदेश जारी किये है। नगर आयुक्त के आदेश आते ही सफाई कर्मचारियों ने आपातकालीन बैठक बुलाई और कहा कि सुबह साढ़े चार बजे घर से महिलायें सफाई के लिये निकलेंगी तो उनकी सुरक्षा की गारंटी कौन लेगा।
इसके अलावा मां के घर से निकल जाने के बाद बच्चों को स्कूल भेजने आदि की समस्या शुरु हो जाएगी। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि इस वक्त 650 स्थायी सफाई कर्मचारी हैं और 2415 संविदा कर्मी है। रिटायर होने के बाद नई भर्ती नहीं हो रही है। कल भी 59 सफाई कर्मचारी रिटायर हो जाएंगे। नेताओं ने कहा कि नगर आयुक्त के आदेश वापस नहीं हुए तो सड़कों पर उतर कर आंदोलन किया जाएगा। नेताओं ने यह भी कहा कि अगर नगर आयुक्त रात में काम करवाना चाहते हैं तो रात्रि भत्ता भी दें। बैठक में महामंत्री कैलाश चंदोला, विनेश विद्यार्थी, सतीश छजलाना, पवन ढीगरा आदि मौजूद थे।
नगर निगम की टीम ने कमेला रोड से हटाया अतिक्रमण
नगर निगम प्रवर्तन दल की टीम ने बुधवार को लिसाड़ी क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। लिसाड़ी क्षेत्र स्थित कमेला रोड के दुकानदारों व अन्य प्रतिष्ठान संचालकों ने सड़क पर अवैध रूप से अतिक्रमण करके बड़े-बड़े टीन शेड डाल दिए हैं। बड़े-बड़े रैंप्स आदि बनाकर सड़क को अवरुद्ध किया हुआ है। जिस कारण से हर वक्त जाम की स्थिति बनी रहती है।

नगर आयुक्त मनीष बंसल के निर्देश पर नगर निगम प्रवर्तन दल की टीम ने पूर्व में सभी संबंधित दुकानदारों तथा प्रतिष्ठानों के संचालकों को अपना अतिक्रमण स्वयं हटा लेने की चेतावनी दी थी, लेकिन दुकानदारों की ओर से अतिक्रमण नहीं हटाया गया जिसके चलते यहां रोजाना जाम लगा रहता है। बुधवार को नगर निगम प्रर्वतन दल ने यहां पहुंचकर बड़ी कार्रवाई की।
प्रवर्तन दल की टीम सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट शक्ति सिंह मलिक के नेतृत्व में जेसीबी तथा ट्रैक्टर-ट्रॉली आदि सामान लेकर मय पुलिस फोर्स के लिसाड़ी क्षेत्र में पहुंची और यहां अतिक्रमण हटाया। यहां टीम ने नाले के किनारे अवैध रूप से बनीं दुकानों को भी तोड़ गिराया। इस दौरान टीम के सदस्यों को हल्के फुल्के विरोध का भी सामना करना पड़ा, लेकिन टीम ने यहां से अतिक्रमण हटाकर कार्रवाई पूरी की।

