- डिफेंस कॉलोनी के नागरिकों को परोस रही बीमारी, ठेकेदार कछुआ गति से चला रहा निर्माण कार्य
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: लापरवाही की धूल गंगा नगर स्थित डिफेंस कॉलोनी के नागरिकों को बीमारी परोस रही है। ठेकेदार कछुआ गति से निर्माण कार्य चला रहे हैं, जो बड़ी समस्या नागरिकों के सामने खड़ी हो गई है। डिफेंस कॉलोनी के पीछे नाले पर गंगानगर में नगर निगम दीवार खड़ी कर आ रहा है, जिसका कछुआ गति से काम चल रहा है।
जेसीबी मशीन से मिट्टी की नाले से खुदाई कर सड़क किनारे डाल दी गई है, जिससे उठ रही धूल वीवीआइपी कॉलोनी डिफेंस के नागरिकों को स्वास की बीमारी परोस रही है। लोगों ने नगर आयुक्त मनीष बंसल से भी शिकायत की, लेकिन बावजूद इसके ठेकेदार तेजी के साथ काम नहीं चला पा रहा है, जिसके चलते धूल बड़ी समस्या बन गई है। देखा जाए तो यह लापरवाही धूल उठ रही है।
यदि नगर निगम की तरफ से टेंकर भेजकर पानी का छिड़काव प्रतिदिन कर दिया जाए तो इस समस्या का समाधान हो जाएगा। कम से कम धूल नहीं उठेगी, फिर ठेकेदार को काम भी तेजी के साथ कराना होगा, जिसके बाद ही समस्या का निस्तारण हो सकता है। पिछले तीन माह से ठेकदार निर्माण करने में लगे हैं, लेकिन काम आगे नहीं बढ़ रहा है।

कई-कई दिन तक निर्माण कार्य श्रमिक बंद करके चली जाती हैं, लेकिन नगर निगम के अधिकारी ठेकेदार पर चाबुक नहीं चला पा रहे हैं, जिसके चलते लोग धूल से बीमार पड़ रहे हैं। नाले पर बनाई जा रही दीवार एक नहीं, बल्कि तीन ठेकेदारों के पास इसका टेंडर हैं।
इसके बावजूद भी काम तेजी नहीं पकड़ पा रहा है। तीन टेंडर इसी वजह से किये गए हैं, ताकि जल्द से जल्द काम किया जाएगा, ऐसा नगर निगम के निर्माण विभाग के इंजीनियरों का कहना है, लेकिन इस पर अमल नहीं हो रहा है। टेंडर तो तीन कर दिये, लेकिन निर्माण में तेजी नहीं आ पा रही है।
एई व जेई भी इसमें सख्ती नहीं कर रहे हैं, जिसके चलते लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है। मिट्टी पर पानी का छिड़काव भी नहीं कराया जा रहा हैं। निर्माण कराना तो ठीक हैं, मगर धूल का जिम्मेदार कौन होगा? इसके लिए विशेष व्यवस्था पानी की नगर निगम को करनी चाहिए, मगर नहीं तो पानी के छिड़काव की व्यवस्था नगर निगम कर रही है और नहीं ठेकेदार।
शहर भर में धूल
गंगानगर ही नहीं, बल्कि पूरे शहर में धूल ही धूल उठ रही है। जल निगम ने लिसाड़ी गेट क्षेत्र में सीवर लाइन सड़क उखाड़कर पाइप लाइन दबाये हैं, जिसके चलते यहां पर हर तरफ मिट्टी ही मिट्टी दिखाई दे रही हैं। लोगों ने इसकी शिकायत नगरायुक्त से भी की।
क्षेत्रीय पार्षद की अगुवाई में लोगों का प्रतिनिधि मंडल नगरायुक्त से मिला तथा जल निगम से मिट्टी की सफाई की मांग की, लेकिन जल निगम ने अभी तक मिट्टी की पूरी तरह से सफाई नहीं की हैं। यह हालत एक जगह नहीं, बल्कि बुढ़ाना गेट पर भी इसी तरह की हालत पैदा हो गई है।
कोतवाली तक मिट्टी सड़क पर बिखरी पड़ी हैं, जिससे धूल उठ रही है। धूल से लोग बीमार पड़ रहे हैं, मगर जल निगम को इसकी चिंता नहीं है। वर्तमान में जल निगम सीवर पाइप लाइन दबाने के लिए यह सब कर रहा है, वहीं इससे पहले गैस पाइप लाइन बिछाने के नाम पर सड़क तोड़कर पाइप दबाये गए। इस तरह से हर माह कोई न कोई प्रोजेक्ट पर काम चलता रहा है। बार-बार सड़कों को उखाड़ा जाता हैं, जिनको फिर वर्षों तक बनाया ही नहीं जाता।

