- केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान, सदर विधायक ने किया जनसंपर्क
जनवाणी संवाददाता |
शामली: केंद्रीय राज्यमंत्री संजीव बालियान और शामली सदर विधायक तजेंद्र निर्वाल ने बत्तीसा खाप के गांव भैंसवाल और गठवाला खाप के गांव लिसाढ़ में पहुंच कर खाप चौधरियों का आशीर्वाद लेकर किसानों को कृषि कानून से होने वाले लाभ की जानकारी दी।
केंद्रीय राज्यमंत्री संजीव बालियान ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लाए गए कृषि कानून पूर्णरूपेण किसानों के हित में तथा किसानों की आर्थिक दिशा और दशा को बदलने में महत्वपूर्ण और निर्णायक होंगे।
शनिवार को केंद्रीय राज्य मंत्री संजीव बालियान और शामली सदर विधायक तेजेंद्र निर्वाल ने गांव भैंसवाल में बत्तीसा खाप चौधरी बाबा सूरजमल और गांव लिसाढ़ गठवाला खाप के चौधरी बाबा हरिकिशन मलिक से भेटकर स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस अवसर पर दोनों गांव में किसानों को संबोधित कर कृषि विधेयकों के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर सदर विधायक तेजेंद्र निर्वाल ने कहा कि केंद्र सरकार के नए कृषि कानून देश के किसानों की आर्थिक हालात को बदलने की एक ऐसी व्यवस्था है, जो देश के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखी जाएगी। किसानों को संपन्नता प्रदान करने के लिए भी निर्णायक साबित होगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार कानून और सामाजिक व्यवस्था बेहतर और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता प्रसन्न चौधरी, विधायक बुढ़ाना उमेश मलिक साथ रहे।

