- ग्राहकों से मनमाने रेट वसूल रहे है दुकानदार
- दुकानों पर बेतहाशा भीड़ से संक्रमण का खतरा
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: लॉकडाउन में आवश्यक वस्तुओं की दुकानों को मिलने वाली छूट के दौरान बाजारों में उमड़ने वाली भाारी भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही है। ईदुल फितर के त्यौहार को लेकर कई दिनों से भीड़ काफी बढ़ी हुई है। कुछ दुकानदार बंदी के दौरान अनावश्यक दुकानें खोल कर कपड़ों, जूतों और अन्य सामानों को मनमाने रेट पर बेच रहे हैं। ईद के त्यौहार को लेकर मुस्लिम समाज को मजबूरी में महंगी खरीदारी करनी पड़ रही है।
मंगलवार ईद उल फितर के त्यौहार की खरीदारी को लेकर बाजारों में भारी भीड़ देखी गई। शहर के बाजारों की बात करे तो यहां सवेरे से ही बाजारों में दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों के बाहर आकर बैठ जाते है। यही नही अपने कर्मचारियों को भी सवेरे से ही दुकानों के अंदर बंद कर दिया जाता है और जैसे ही बाजारों में ग्राहकों के आने का सिलसिला शुरू होता है तो धड़ाधड़ शटर गिरने और उठने की आवाजे आनी शुरू हो जाती है।
एक समय में दर्जनों की संख्या में ग्राहकों को एक दुकान में प्रवेश करा दिया जाता है जो कोविड गाईड लाईन का सीधा सीधा उल्लंघन है। जिससे कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी भी संक्रमित होने के कारण बाजारों में पुलिस कम नजर आ रही है। जिसका लाभ अनावश्यक वस्तुओं के विके्रता उठा रहे हैं।

मयखानों पर उमड़ी शराब खरीदने को भीड़
कोरोना महामारी को लेकर प्रदेश शासन के निर्देश पर 17 मई तक जनपद में लॉकडाउन घोषित है। लॉकडाउन के दौरान आवश्यक वस्तुओं के लिए पांच घंटे की छूट है। लेकिन शराब के ठेके पिछले कई दिनों से बंद चल रहे थे। मंगलवार को शराब के ठेके खुले तो शराब के ठेकों पर शराब खरीदने वालों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शराब की दुकानों के अग्रिम दिनों में खुलने और न खुलने की आशंकाओं के चलते एक-एक ग्राहक कई-कई बोतलने खरीदता नजर आया।

