जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: थाना मिर्ज़ापुर पुलिस ने नकुड़ थाना क्षेत्र में हुई चोरी के मामले में आरोपी 25,000 का ईनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घायल अवस्था में पकड़े गए बदमाश के कब्जे से अवैध असलहा, कारतूस और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हुए आरोपी के साथी की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
सीओ बेहट एसएन वैभव ने बताया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी के निर्देश पर जनपद में अपराध और आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस लगातार चेकिंग अभियान चला रही है। इसी क्रम में मिर्जापुर थाना क्षेत्र की शाकुम्भरी चौकी इंचार्ज व बादशाही बाग चौकी इंचार्ज अपनी टीम के साथ ग्राम कासिमपुर पुलिया के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए।सीओ बेहट के मुताबिक पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों संदिग्ध मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगे। पीछा करने पर उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसल गई। इसके बाद बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर दबोच लिया गया।
सीओ ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश की पहचान अफसर पुत्र इकराम निवासी बुढ्ढाखेड़ा थाना गंगोह, सहारनपुर के रूप में हुई। अफसर थाना नकुड़ क्षेत्र में दर्ज चोरी के मामलों में वांछित था और उस पर 25,000 का इनाम घोषित था। उसके खिलाफ सहारनपुर जिले के विभिन्न थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट समेत कुल आठ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।घटनास्थल से पुलिस ने एक तमंचा .315 बोर, एक खोखा व दो जिंदा कारतूस तथा बिना नंबर प्लेट की चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। मोटरसाइकिल थाना मिर्ज़ापुर पर पंजीकृत चोरी के मुकदमे से संबंधित पाई गई। घायल बदमाश का उपचार कराया जा रहा है जबकि उसके फरार साथी की तलाश की जा रही है।

