- अब चौड़ी दिखने लगी बरसों से सिकुड़ी नगर की सड़कें
जनवाणी संवाददाता |
फलावदा: शासन के निर्देश पर स्थानीय नगर पंचायत द्वारा पुलिस फोर्स के साथ नगर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाकर सड़क और रास्ते से अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए। इस कार्रवाई के बाद बरसो से सिकुड़ी नगर की सड़के चौड़ी नजर आई। नगर पंचायत द्वारा पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत गुरुवार को अटल चौक से अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाने हेतु भारी फोर्स और अपने मातहतों की फौज के साथ सड़कों पर उतरी ईओ सुश्री नीतू सिंह ने अतिक्रमण के खिलाफ समान कार्रवाई करते हुए सड़क पर किए गए निर्माण ध्वस्त करा डाले।
पैंठ बाजार में दुकान के सरकारी रास्ते पर बनाई गई दुकान भी जमींदोज करा दी गई। अतिक्रमणकारी इस अवैध रूप से बनाई दुकान को कई हजार रुपये मासिक किराए पर चला रहा था। इस दौरान किरायेदार द्वारा आंशिक विरोध किया गया, लेकिन एसएसआई नरेंद्र कुमार ने विरोध बेअसर कर दिया। गुरुवार को अभियान शाम तक चलाया गया। इस दौरान कस्बे का मुख्य मार्ग अपने दशकों पुराने स्वरूप में नजर आया।

रास्ते साफ होने से लोगों को काफी रात महसूस हो रही है। नागरिकों ने समान रूप से अभियान चलाए जाने पर नागरिकों ने नगर पंचायत की ओर नीतू सिंह की सराहना की। वहीं अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप सा मचा हुआ है। ईओ नीतू सिंह ने बताया कि अभियान निरंतर जारी रहेगा।
ठेले वालों के साथ बैठक करके दी जाएगी जगह
नगर पंचायत द्वारा कई दिनों से किए जा रहे व्यापक प्रचार-प्रसार के चलते सड़कों पर खड़े होने वाले ठेले गुरुवार को भूमिगत रहे। ईओ सुश्री नीतू ने बताया कि आज ठेले वालों के साथ बैठक करके उनके लिए स्थान चिन्हित किया जाएगा। ठेले वालों को ऐसी जगह भूमि दी जाएगी। जहां कोई दुकान में हो। इस संबंध में ठेले वालों संग आज बैठक की जाएगी। उनका मकसद किसी को प्रताड़ित करना नहीं है। शासन के निर्देशों का पालन किया जाएगा।
अभियान चलते ही व्यापारियों के हाथ में आए हथौड़े
नगर के मुख्य मार्ग पर भारी पुलिस फोर्स और नगर पंचायत की टीम देखकर व्यापारी बैकफुट पर नजर आए। व्यापारियों ने अपने अवैध निर्माण खुद ही ध्वस्त करने के लिए हाथों में हाथों ने थाम लिए। उन्होंने अपनी दुकानों के आगे सड़क पर किए गए पक्के निर्माण खुद ही ध्वस्त करने शुरू कर दिए।नगर पंचायत की चेतावनी के बाद कुछ व्यापारियों ने रात के अंधेरे में ही अपनी दुकानों के आगे से टीन शेड उतार लेने में ही अपनी भलाई समझी। व्यापारियों ने रात के अंधेरे में टीन शेड उतार डाले। नतीजतन नगर की सड़कें खुली खुली दिखाई देने लगी है।
बहुत दर्द हो रहा अंगूली में, वोट जो दी थी
अवैध अतिक्रमण के खिलाफ चले अभियान से कई भाजपा कार्यकर्ता ही आहत नजर आए। गुरुवार को मुख्य मार्ग पर गरजे महाबली को देखकर एक भाजपाई का दबी जुबान से कहना था कि आज उसकी अंगूली में बहुत दर्द है। इसी अंगूली से उसने बटन दबाकर भाजपा को वोट दिया था। यह सब ठीक नहीं हो रहा है। नालियों तक से पटरिया थोड़ी जा रही है।
अतिक्रमणकारियों पर गरजा महाबली
मवाना: समाधान दिवस में पहुंचे कमिश्नर सुरेन्द्र सिंह एवं डीएम दीपक मीणा से की गयी शिकायत करने के बाद गुरुवार को एसडीएम अमित गुप्ता ने आदेश पर नगरपालिका ईओ सुनील कुमार, सीओ उदय प्रताप सिंह व थाना पुलिस ने तहसील तिराहे से लेकर नगर के सुभाष चोक तक ताबड़तोड़ अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान नगरपालिका का अतिक्रमण करने वालों पर महाबली खूब गरजा।
अभियान चलता देख व्यापारियों एवं दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति पनपी रही। इस दौरान पुलिस एवं नगरपालिका टीम को कुछ व्यापारियों का विरोध भी झेलना पड़ा, लेकिन पुलिस ने मामूली बल का प्रयोग कर विरोध करने वाले लोगों को जमकर फटकार लगाई। बुलडोजर से अतिक्रमण करने वाले लोग दुकान के सामने से खुद ही अतिक्रमण हटाते हुए नजर आये। सुबह 11 बजे शुरू हुए अतिक्रमण हटाओ अभियान दोपहर तीन बजे तक चलता रहा।

इससे नगर क्षेत्र में लोगों ने राहत की सांस ली तो वही जाम के झाम में फंसने वाले लोगों को मुश्किल का सामना नहीं करना पड़ा। अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत नगरपालिका ईओ सुनील कुमार के आदेश पर सड़क पर रखे लोगों का सामान भी जब्त कर अपने कब्जे में ले लिया है। इस मौके पर अतिक्रमण एवं सड़क किनारे खड़ी ठेली को भी फुटपाथ से हटाकर नाले पर लगाने के निर्देश दिये। अतिक्रमण हटाओ अभियान में शामिल पुलिस ने फुटपाथ पर खड़े वाहनों के ई-चालान भी कांटे।
नगरपालिका टीम ने नगर क्षेत्र में दुकानों के ऊपर गिरे टीन शेड, सीडी एवं नालों पर गिरे फर्श को भी बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। एसडीएम अमित गुप्ता ने चेतावनी देते हुए बताया कि यदि सड़क पर अतिक्रमण करने का प्रयास किया तो उस दुकान स्वामी के खिलाफ ठोस कदम उठाकर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। सीओ उदय प्रताप सिंह व इंस्पेक्टर विष्णु शर्मा ने कहा कि अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार जारी रहेगा।

