जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: महाराष्ट्र के नागपुर जिले में रविवार को एक भीषण हादसा हुआ, जब कटोल तहसील स्थित एक विस्फोटक कारखाने में जोरदार धमाका हुआ। इस हादसे में अब तक कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने पुष्टि की कि विस्फोटक कारखाने में हुए विस्फोट में 15 लोग मारे गए और 18 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
एसबीएल एनर्जी लिमिटेड के कारखाने में धमाका
घटना कटोल तहसील के राउलगांव में स्थित एसबीएल एनर्जी लिमिटेड के खनन और औद्योगिक विस्फोटक बनाने वाले कारखाने में हुई। न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, इस विस्फोट का कारण कंपनी की डेटोनेटर पैकिंग यूनिट में हुआ था, जो सुबह 7 से 7:15 बजे के बीच हुआ था।
15 की मौत, 18 गंभीर रूप से घायल
घटना के बाद तुरंत घायलों को नागपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। नागपुर ग्रामीण के एसपी हर्ष पोद्दार ने जानकारी दी कि विस्फोट के परिणामस्वरूप 15 लोगों की जान चली गई और 18 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वहीं, कंपनी के एक अधिकारी ने बताया कि बचाव अभियान जारी है और जल्द ही इस पर एक आधिकारिक बयान जारी किया जाएगा।

